अभिभाषक संघ देवास के चुनाव 25 जून को, मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र बापट ने निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया
देवास। अभिभाषक संघ देवास के बहुप्रतीक्षित चुनाव 25 जून को आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र बापट ने निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव को किसी भी प्रकार से प्रभावित करने के लिए राजनेताओं, धर्मगुरुओं एवं बाहरी व्यक्तियों के हस्तक्षेप की अनुमति नहीं होगी। मतदान के दिन न्यायालय परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे अवांछित एवं आपराधिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाई जा सके। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 10 से 12 जून तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 जून को दोपहर बाद की जाएगी तथा वैध नामांकनों की अंतरिम सूची 13 जून को प्रकाशित होगी। नामांकन पत्रों पर आपत्तियां 15 जून तक प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त आपत्तियों की सुनवाई, निराकरण एवं निर्णय मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र बापट द्वारा 16 जून को किया जाएगा। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 18 जून निर्धारित की गई है। उम्मीदवार अथवा उनके प्रस्तावक ही नामांकन वापस ले सकेंगे। निर्वाचन समिति द्वारा 19 जून को अभिभाषक संघ कक्ष में एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मतदाताओं की उम्मीदवारों से अपेक्षाएं तथा उम्मीदवारों द्वारा मतदाताओं से समर्थन की अपील प्रस्तुत की जाएगी। अंतिम उम्मीदवार सूची का प्रकाशन 22 जून को किया जाएगा। मतदान 25 जून को प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना प्रारंभ होगी तथा देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। चुनाव समिति के सदस्य रघुवीर यार्दी, राम श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह कुशवाह, माहेनूर कुरैशी एवं उषा बिसेन ने आदर्श आचार संहिता एवं शपथ-पत्र संबंधी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन चुनाव समिति के वरिष्ठ सदस्य आनंद अधिकारी ने किया। इस अवसर पर संभावित उम्मीदवारों के अलावा निर्वाचन समिति के सदस्य एम. मोदी, शालू ठाकुर, शेरसिंह पटेल, भगवान सिंह गुर्जर, चांदनी सिंह सहित वरिष्ठ अधिवक्ता इरशाद कुरैशी, सुरेश चौधरी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभिभाषक उपस्थित रहे।

0 Comments