बोरवेल दुर्घटना से निपटने की तैयारी, जिला स्तरीय मॉकड्रिल संपन्न,,

 - मयूर उपवन में गूंजी सायरन की आवाज, आपदा प्रबंधन दल ने दिखाया दम

देवास। कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आदेशानुसार तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में शनिवार, 1 मार्च 2026 को मेडकी रोड स्थित मयूर उपवन, जिला देवास में बोरवेल दुर्घटना राहत एवं बचाव से संबंधित जिला स्तरीय मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मयूर उपवन परिसर में टेबल टॉप एक्सरसाइज से की गई, जिसमें संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और समन्वय पर चर्चा की गई। इसके पश्चात स्थल पर वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप मॉकड्रिल का प्रदर्शन किया गया। मॉकड्रिल में मुख्य अतिथि के रूप में तहसीलदार देवास श्रीमती सपना शर्मा उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट मधु राजेश तिवारी ने सहभागिता की। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ एसडीईआरएफ, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम तथा सिविल डिफेंस के दलों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस अभ्यास में शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय आमजन सहित लगभग 65 प्रतिभागी शामिल हुए। मॉकड्रिल का उद्देश्य बोरवेल दुर्घटना जैसी आपात स्थितियों में त्वरित एवं समन्वित राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करना तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा।