देवास के प्रदीप ठाकुर ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, बॉडीबिल्डिंग में जीता गोल्ड
देवास। शहर के लिए गर्व का क्षण उस समय सामने आया जब देवास के होनहार खिलाड़ी प्रदीप ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर की बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। देवास बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रेहान शेख के अनुसार, इंदौर में इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई एवं राज्य शरीर सौष्ठव संस्था (मुख्यालय उज्जैन) के तत्वावधान में 17वीं सीनियर मेंस एवं वूमेंस नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से 450 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी मांसपेशियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसी प्रतिष्ठित स्पर्धा में देवास के प्रदीप ठाकुर ने 95 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से देवास में खुशी और गर्व का माहौल है। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि बॉडीबिल्डिंग मेहनत, अनुशासन और संयम का खेल है, जिसमें खिलाड़ी वर्षों की कठिन साधना से अपने शरीर को निखारते हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के लिए स्वेच्छा अनुदान मद से 5 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। समारोह में सांसद शंकर लालवानी, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़ एवं गोलू शुक्ला की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही पूर्व वर्ल्ड चैंपियन एवं अर्जुन अवॉर्डी प्रेमचंद ढींगरा, फेडरेशन अध्यक्ष स्वामी रमेश, इंटरनेशनल महासचिव टीवी पोली एवं अर्जुन अवॉर्डी भास्कर का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अतिन तिवारी, प्रेम सिंह यादव, जितेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। संचालन शैलेंद्र व्यास स्वामी ने किया, जबकि आभार रोहित जेठवा ने व्यक्त किया। प्रदीप ठाकुर की इस शानदार उपलब्धि पर अकबर शेख (अज्जू), खुमान सिंह बैस, खालिक शेख, चेतन राठौड़, मनदीप पवार एवं रोहन वर्मा सहित खेल प्रेमियों और साथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 Comments