देवास। शहर के प्रसिद्ध श्री खेड़ापति मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव इस वर्ष अत्यंत भव्य, श्रद्धामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मंदिर परिसर भक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर नजर आया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। मंदिर के पुजारी दर्शन उपाध्याय द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी बाबा का आकर्षक और मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसने सभी भक्तों का मन मोह लिया। विशेष रूप से भगवान श्री खेड़ापति सरकार को माँ अंजनी की गोद में बाल हनुमान के रूप में विराजित किया गया। इस अद्भुत स्वरूप में बाल हनुमान माँ की गोद में अठखेलियां करते हुए दिखाई दिए—मानो जीवंत दृश्य साकार हो उठा हो। श्रृंगार में एक भावपूर्ण झलक यह भी रही कि हनुमान जी माँ अंजनी की गोद से खिसलते नजर आ रहे हैं और माँ उन्हें स्नेहपूर्वक दोनों हाथों से थामे हुए हैं। बाल स्वरूप में हनुमान जी के हाथों में लड्डू भी सुशोभित थे, जिसने इस दृश्य को और भी मोहक बना दिया। यह मनोहारी श्रृंगार रानीबाग निवासी गजू चावरे एवं आलोक बंजारे द्वारा गहन श्रद्धा और समर्पण के साथ तैयार किया गया, जिसे पूर्ण रूप देने में लगभग 10 दिनों का समय लगा। मंदिर को भी आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरे परिसर की भव्यता और बढ़ गई। प्रातः 6 बजे महाआरती के साथ हुई। मंदिर पर दिनभर भक्तों का ताँता लगा रहा। रात्रि 8:30 बजे महाआरती की गई। दिनभर मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खुले रहे और निरंतर प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया।

0 Comments