आखिर किस बात की जल्दी है हज कमेटी को,, सन् 2027 के हज आवेदन अभी से क्यों
देवास। अभी तो इस साल के हज यात्री ही हज सफ़र मुकम्मल करके अपने वतन लौट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हज कमेटी ऑफ इंडिया ने अनावश्यक जल्दबाजी दिखाते हुए आगामी साल 2027 हज के लिए अभी से ही प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। अगले महीने जुलाई से हज आवेदन लेने और इसी महीने की 20 जुलाई को ही, आवेदन की आखिरी तारीख भी तय कर दी गई है। यहां तक कि हज यात्रियों का ड्रा यानि कुर्रा भी इसी महीने खोल दिया जाएगा, जबकि अभी अगले साल के हज के लिए 8-9 माह का पर्याप्त समय है। ड्रा खुलते ही चयनित हज यात्रियों को डेढ़ लाख रुपयों की रकम एडवांस जमा कराना है, और अपना मेडिकल सर्टिफिकेट भी प्रस्तुत करना है। देवास जिला हज कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष हारिस गजधर ने बताया कि हज के इच्छुक बहुत से किसानों, व्यापारियों व नौकरी पेशा वर्ग के लोगों के पास, हाल-फिलहाल रूपयों की इतनी व्यवस्था नहीं होती है, कि वे महीनों पहले से इतनी रकम एडवांस जमा कर सकें और टोकन या एडवांस के तौर पर इतनी रकम जमा करवाने के बजाय, हाजियों की आसानी के लिए, दस से बीस हजार रूपयों की राशि भी जमा कराई जा सकती है। साथ ही इतने माह बाद की हज यात्रा के लिए अभी से मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट जमा कराना भी तर्कसंगत नहीं है। श्री गजधर ने हज कमेटी ऑफ इंडिया और मध्यप्रदेश राज्य हज समिति से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए हज यात्रियों के हित में, आगामी हज 2027 प्रक्रिया को हज सफ़र के तीन माह पूर्व क्रियान्वयन की मांग की है, ताकि ज्यादा से ज्यादा हज यात्री, हज यात्रा का लाभ लें सकें।

0 Comments