07 दिवसीय “आपदा मित्र कार्यशाला’’ का हुआ समापन,,
---------
कार्यशाला में प्रतिभागियों को आपदा किट, प्रमाण-पत्र का किया वितरण 
        देवास, 03 अगस्त 2026   जिले में आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने एवं सामुदायिक आपदा प्रबंधन के अन्तर्गत राज्य शासन द्वारा “आपदा मित्र योजना” के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला सेनानी होमगार्ड, आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा द्वारा आयोजित 07 दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह उत्साहपूर्ण सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस दौरान संभागीय सेनानी होमगार्ड उज्जैन श्री रोहिताष पाठक, जिला सेनानी होमगार्ड, कम्पनी कमाण्डर, प्लाटून कमाण्डर, एएसआई होमगार्ड, एसडीईआरएफ टीम, विषय विशेषज्ञ सिविल डिफेन्स टीम एवं जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 100 आपदा मित्र स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
       इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की तथा कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित आपदा मित्र प्रशासन की सबसे बड़ी शक्ति  होते हैं। “आपदा मित्र” केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं बल्कि मानव सेवा और जिम्मेदारी का सशक्त अभियान भी है, उन्होने सभी आपदा मित्रों से आव्हान किया है कि वे आपदा की प्रत्येक चुनौती में प्रशासन के सहयोगी बनकर समाज की सुरक्षा एवं जनसेवा का दायित्व निभाएं।
       इस अवसर पर संभागीय सेनानी होमगार्ड उज्जैन श्री रोहिताष पाठक ने कार्यशाला की सराहना की और कहा कि कार्यशाला के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण आपदा मित्रों को आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता एवं आपातकालीन परिस्थितियों मे प्रभावी कार्य करने की दक्षता प्रदान करेगा। उन्होंने आपदा मित्रों को भविष्य मे भी निरंतर अभ्यास एवं सेवा भावना बनाये रखने के लिये प्रेरित किया।
       कार्यशाला में जिले में संचालित “नशा मुक्ति अभियान” के अन्तर्गत कार्यशाला में उपस्थित सभी आपदा मित्रों, एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड जवानों और सिविल डिफेन्स वालेन्टियर्स को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। सभी आपदा मित्रों द्वारा जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति नागरिकों को जागरुक करने के लिए आश्वस्त किया गया। 
सात दिवसीय कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा भीड़ प्रबंधन, बाढ़ बचाव, अग्नि दुर्घटना प्रबंधन, रासायनिक आपदा, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव सहित विभिन्न आपदा प्रबंधन विषयों पर विस्तृत व्याक्ष्यान, मॉकड्रिल एवं आउटडोर डेमोस्ट्रेशन के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रत्येक प्रतिभागी को आपदा के समय सक्षम सजक एवं प्रभावी फर्स्ट रिस्पोन्डर देने वाला स्वयंसेवक बनाना रहा। प्रशिक्षित सभी आपदा मित्रों को शासन द्वारा प्रदत्त आपदा किट सामग्री, प्रमाण-पत्र, प्रदान किया जाकर राष्ट्रहित जनसेवा एवं आपदा के समय निस्वार्थ भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।