स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की बैठक, कलेक्टर श्री सिंह ने विभागवार अधिकारियों को सौंपे दायित्व,,
-------
15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउण्ड में सुबह 09 बजे से होगा मुख्य समारोह
देवास 03 अगस्त 2026/आगामी स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह के गरिमामय आयोजन और उसकी पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभागवार अधिकारियों को कार्य सौंपकर समय रहते सभी तैयारियां करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि बारिश का मौसम देखते हुए समारोह स्थल पर तैयारियां की जाएं , समारोह स्थल पर वॉटर प्रूफ टेंट लगाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगरीय निकायों में ध्वजारोहण के दौरान ध्वज संहिता का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री जी के संदेश का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियों कर लें।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र सेनानी को समारोह स्थल तक लाने और उनके बैठने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये। राज्य शासन के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी शासकीय भवनों और स्मारकों पर रोशनी की जाये। नगर निगम देवास में एबी रोड और चौराहों पर अच्छे से साज-सज्जा करे। मुख्य समारोह में साउंड और माइक सिस्टम की व्यवस्था अच्छे से करें। समारोह में साज-सज्जा की अच्छी व्यवस्था हो। जिला स्तरीय समारोह में वीआईपी प्रोटोकॉल के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं।
बैठक में बताया गया कि मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री जी के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जायेगा। 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) मुख्य समारोह परेड ग्राउण्ड में सुबह 09 बजे से होगा। इसके पूर्व सभी विभागों के कार्यालयों में सुबह 08 बजे झण्डा वंदन होगा। फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को परेड ग्राउण्ड में होगी।
बैठक में बताया गया कि जिले में प्रत्येक नागरिक को झण्डा संहिता का अनुपालन करना होगा। झण्डा फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर हो। झण्डों को समयावधि के उपरान्त आदर भाव के साथ उतार कर सुरक्षित रखा जायेगा।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, एसडीएम देवास श्री अभिषेक शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री कन्हैयालाल तिलवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

0 Comments