एसडीएम टोंकखुर्द सहित विभिन्न महिला संगठन प्रमुखों ने बनाए मिट्टी के गणेश
सभी को भेंट की गई इकोफ्रेंडली श्रीगणेश प्रतिमाएं
देवास। जेम्स एकेडमी, इटावा में आयोजित ‘मेरे गणेश, मिट्टी के गणेश’ कार्यशाला में नगर की विभिन्न महिला संगठनों की प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक मिट्टी से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग में 7वीं रैंक प्राप्त कर टोंकखुर्द, देवास की एसडीएम ऋतु चौरसिया एवं विशेष अतिथि के रूप में भाजपा महिला जिला अध्यक्ष मनोरमा सोलंकी उपस्थित रहीं। कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं ने प्रशिक्षिका ऋचा दुबे एवं संयोजक आदित्य दुबे के मार्गदर्शन में आत्मीय वातावरण में खेल-खेल में ही कम समय में मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाना सीखा और स्वयं प्रतिमाओं का निर्माण किया। अतिथियों ने कार्यशाला का निरीक्षण कर इसकी गतिविधियों एवं उद्देश्य की जानकारी ली। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत रुद्राक्ष की माला एवं पवित्र गंगाजल भेंट कर किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम ऋतु चौरसिया ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में इको-फ्रेंडली जीवनशैली अपनाना आवश्यक हो गया है। सभी को इस वर्ष गणेश उत्सव में मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। मिट्टी की प्रतिमाओं से तालाबों और नदियों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है। साथ ही मिट्टी की प्रतिमा का विसर्जन घर में गमले अथवा पौधों में भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ‘मेरे गणेश, मिट्टी के गणेश’ अभियान देवास में प्रतिवर्ष पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अभियान के माध्यम से प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के स्थान पर मिट्टी की प्रतिमाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यशालाओं के माध्यम से बच्चों और बड़ों में धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मन में बचपन से ही प्रकृति और पर्यावरण के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। विशेष अतिथि मनोरमा सोलंकी ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली यह पहल अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है। महिलाओं की सहभागिता से यह संदेश परिवार और समाज तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम की समाप्ति पर उपस्थित सभी महिला प्रतिनिधियों एवं अतिथियों को इको-फ्रेंडली मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं भेंट की गईं, ताकि वे अपने घरों में इन प्रतिमाओं की स्थापना कर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ा सकें। कार्यक्रम में लायंस क्लब अध्यक्ष संगीता गोयल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मधु शर्मा, भाजपा महिला महामंत्री माया तिवारी, सामाजिक समरसता मंच मातृशक्ति आयाम की जिला प्रमुख सुश्री श्रेया चौबे, हिमालय एकेडमी की संचालिका प्रतीक्षा राठौर, विद्याकुंज स्कूल संचालिका विनीता गौतम व पूर्णिमा गौतम, न्यू चिल्ड्रन्स होम की डायरेक्टर सुषमा अरोरा, संस्कार भारती मालवा प्रांत चित्र कला प्रमुख कविता सिसोदिया, अर्बन आशा कार्यकर्ता वंदना जाट, ब्राह्मण समाज से मानसी शास्त्री, किरण शर्मा, विभा दुबे, रिया शर्मा तथा कान्यकुब्ज विद्या प्रचारिणी से शोभा मिश्रा सहित विभिन्न महिला संगठनों की प्रतिनिधियां एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कमलेश राठौर, पलक शर्मा, आर्यमन दुबे, मानसी, सूरज, श्वेता, मयंक, प्रीति एवं कामना का सहयोग रहा।