देवास। नगर निगम द्वारा स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान अंतर्गत सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में सुरक्षात्मक उपकरणों के वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमति गीता अग्रवाल के द्वारा विधायक महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल के साथ निगम के सफाई मित्रों को पीपीई किट एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए।
इस अवसर पर सफाई मित्रों को सुरक्षा हेलमेट, रिफ्लेक्टिव जैकेट, सुरक्षा दस्ताने, सुरक्षा जूते एवं मास्क सहित आवश्यक सुरक्षात्मक सामग्री प्रदान की गई। महापौर ने सफाई मित्रों से चर्चा करते हुए कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का नियमित रूप से उपयोग करने तथा अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
महापौर ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने से कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों से बचाव किया जा सकता है
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई कर्मी उपस्थित रहे। निगम अधिकारियों द्वारा भी कर्मचारियों को पीपीई किट के सही उपयोग एवं कार्य के दौरान सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।



0 Comments