मुख्यमंत्री से 79 सूत्रीय मांगों पर चर्चा के बाद भारतीय मजदूर संघ का 26 अक्टूबर का आंदोलन स्थगित

देवास: मध्य प्रदेश कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ के प्रदेश महामंत्री लोकेश विजयवर्गी ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ द्वारा श्रमिकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर 26 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।
15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर के नेतृत्व में श्रमिकों एवं कर्मचारियों की 79 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। सरकार की ओर से मांगों के निराकरण के लिए समयबद्ध विभागीय बैठकें आयोजित करने का आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एंदल सिंह कंसाना तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव दीपाली रस्तोगी, श्रम विभाग के सचिव रघुराज राजेंद्र, मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ असंगठित, संगठित, निजी, सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्रों से जुड़े 40 महासंघों के महामंत्रियों ने सहभागिता की। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में श्रमिकों एवं कर्मचारियों को आ रही समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को मांगों के त्वरित एवं सकारात्मक निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से मिले आश्वासन और समयबद्ध विभागीय वार्ताओं को देखते हुए आंदोलन स्थगित किया गया है।