देवास। सेनेटरी एवं सिरामिक श्रमिक संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) ने रोका बाथरूम प्राइवेट लिमिटेड, देवास के श्रमिकों की मांग पर दीपावली के अवसर पर नकद राशि के बजाय उपहार दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष धनंजय गायकवाड़ ने श्रम कार्यालय में प्रतिनिधित्व कर रहे अमित दोडवे को आवेदन सौंपकर श्रमिकों की मांग से अवगत कराया। धनंजय गायकवाड़ ने बताया कि रोका बाथरूम प्राइवेट लिमिटेड में कंपनी द्वारा प्रतिवर्ष दीपावली के अवसर पर श्रमिकों को उपहार के रूप में 1,450 रुपये की नकद राशि दी जाती है। इस वर्ष श्रमिकों की मांग है कि नकद राशि के स्थान पर समान राशि का उपहार प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में उपहार को सम्मान और आत्मीयता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। ऐसे में दीपावली जैसे पर्व पर श्रमिकों को नकद राशि के बजाय उपहार दिए जाने की व्यवस्था होनी चाहिए। धनंजय गायकवाड़ ने बताया कि इस विषय को लेकर शीघ्र ही प्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल को पत्र लिखकर मांग की जाएगी कि मध्यप्रदेश में स्थित कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों को दीपावली के अवसर पर उपहार दिए जाने का नियम लागू किया जाए। इससे श्रमिकों को त्योहार के अवसर पर सम्मानजनक तरीके से उपहार मिल सकेगा। इस अवसर पर सेनेटरी एवं सिरामिक श्रमिक संघ के अध्यक्ष केसर सिंह, महामंत्री जसवंत सहित अन्य पदाधिकारी एवं कंपनी के कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Comments