व्यर्थ पानी बहाने वालों पर निगम सख्त
एक दिन में की 6 हजार रुपये की चालानी कार्रवाईदेवास। शहर में पेयजल व्यर्थ बहाने से रोकने के लिए नगर निगम की टीम निरंतर वार्ड का भ्रमण कर पूरी तरह सख्त हो गया है। जल वितरण के समय नल खुला छोड़कर सड़क पर पानी बहाने वालों पर निगम की टीम द्वारा निरंतर चालानी कार्रवाई की जा रही है। निगमायुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में गुरुवार, 19 नवम्बर को स्वच्छता निरीक्षकों की टीम ने विभिन्न वार्डों में सुबह जल वितरण के समय सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक भूषण पवार द्वारा वार्ड 19 जयप्रकाश नगर, विजय सांगते द्वारा वार्ड 38 ए.बी. रोड होटल श्री तथा हरेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा वार्ड 24 बजरंग नगर में व्यर्थ पानी बहाते हुए पाए गए रहवासियों पर कार्रवाई की गई। टीम द्वारा उक्त स्थानों पर कुल 6 हजार रुपये का अर्थ दण्ड वसूल किया गया। साथ ही रहवासियों को समझाइश भी दी गई कि नल से पानी भरने के बाद नल बंद रखें और नलों में टोटी अवश्य लगाएं। उल्लेखनीय है कि आयुक्त द्वारा गत दिनों आयोजित बैठक में स्वच्छता निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जल वितरण के समय वार्डों में निरंतर भ्रमण करें और पानी व्यर्थ बहाने वालों पर प्रतिदिन चालानी कार्रवाई करें। आयुक्त ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि पानी अमूल्य है, इसका दुरुपयोग न करें। जल वितरण से प्राप्त पानी का सदुपयोग करें, नलों में टोटियां अवश्य लगावें और पानी भरने के बाद नल बंद कर दें। आयुक्त ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और पानी व्यर्थ बहाने व दुरूपयोग करने वालों पर इसी प्रकार चालानी कार्रवाई की जाएगी।



0 Comments