श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में आज अन्नकूट और कुमकुम वितरण,,
देवास। शिवाजी नगर मोती बंगला स्थित श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली नगर उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। धनतेरस पर मां योगमाया महालक्ष्मी का भव्य एवं आलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा। माता का श्रृंगार 5 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि एवं करीब 2 दो करोड़ के सोने-चांदी के आभूषणों से किया जाएगा। साथ ही चांदी के आकर्षक हाथी श्रृंगार की भव्यता में चार चांद लगाएंगे। मंदिर में श्रद्धालुओं ने करीब 14 देशों की मुद्रा श्रृंगार हेतु उपलब्ध कराई थी, किंतु बाद में दीपावली के अवसर पर मोती बंगला निवासी विशाल जैन ने करीब 120 देशों की मुद्रा का संग्रहण भी श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में सजावट हेतु समर्पित किया गया, जो कि आकर्षण का केंद्र बन गया। श्री योगमाया पारमार्थिक न्यास के अध्यक्ष विमल शर्मा ने बताया कि इस नगर उत्सव में शामिल होने के लिए देवास नगर सहित आसपास के शहरों व ग्रामीण से भी श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच रहे है। नगर उत्सव के अंतर्गत मंगलवार 10 नवंबर को शाम 7.30 बजे छप्पन भोग एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सौभाग्यवती माता-बहनों को कुमकुम वितरण कर मंगलकामनाएं दी जाएंगी।
सीसीटीवी व पुलिस की निगरानी में मंदिर परिसर
श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। पुलिसकर्मियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है, वहीं रात्रि में 10 से 12 पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। निजी गार्ड भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। सुरक्षा में सहयोग के लिए मंदिर समिति ने पुलिस प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया है।



0 Comments