जिला स्तरीय ओलम्पियाड प्रतियोगिता सत्र 2024-25 में जिला स्तर से चयनित विद्यार्थियों का किया सम्मान
देवास 24 मार्च 2025/ जिला स्तरीय ओलम्पियाड प्रतियोगिता सत्र 2024-25 में जिला स्तर से चयनित कक्षा 02 से 08वीं के अध्ययनरत् विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शासकीय महारानी चिमनाबाई कन्या उ.मा.वि. देवास में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति की उपस्थिति में सम्मान समारोह आयाजित किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री एचएस भारती, जिला परियोजना समन्वयक श्री अजय कुमार मिश्र, सहायक संचालक श्री शिवनंदन प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए जीवन में निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होने के लिए मार्ग प्रशस्त किया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उन्हें उनकी स्कूल के दिन याद आ गये, जब वे उनके पिताजी के साथ स्कूल में अच्छे प्रदर्शन पर पुरस्कार लेने जाते थे। उन्होंने बताया कि पुरस्कार प्राप्त करने से परिवार में सम्मान तो मिलता है, साथ ही जीवन में आगे बढने की प्रेरणा में भी मिलती है। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके पालकों को भी बधाईयां दी और कहा कि पालकों ने अपने घर में विशेष माहौल बनाया है, जिससे बच्चें पढाई और खेल में राज्य स्तर पर पहुंचे है।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी शिक्षकों को भी विशेष धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने इतनी अच्छी शिक्षा दी है, जिससे बच्चें इतना अच्छा प्रदर्शन कर रहे है। उन्होंने कहा विद्यार्थियों की उपलब्धि शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। यही शिक्षकों के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार होता है। विद्यार्थियों ने इतने कम उम्र में उपलब्धि हासिल की है, यही उनको जीवन में आगे बढने के लिए प्रेरित करेगा। इसी तरह बच्चे अपनी प्रतिभाओं को पहचानते है और उसको विकसित करते हुए जीवन में आगे बढते है। सभी पालक बच्चों को जीवने में आगे बढने के लिए इसी तरह प्रेरित करते रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकरी जिला पंचायत देवास हिमांशु प्रजापति ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, जिससे वे राज्य स्तर तक पहुंचे है। इसमें बच्चों के पालकों एवं मार्गदर्शी शिक्षकों का उनके जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा बीआरसी खातेगांव में बहुत कम स्टॉफ होते हुए भी उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया।
जिला परियोजना समन्वयक अजय कुमार मिश्र द्वारा संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन एपीसी अकादमिक विकास महाजन ने किया एवं आभार जिला शिक्षा अधिकारी एचएस भारती द्वारा किया गया।
डीपीसी ने बताया कि जिले में प्रथम चरण 59 जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर 21405 विद्यार्थियों द्वारा ओएमआर आधारित ओलम्पियाड परीक्षा में सहभागिता की गई थी। जिलास्तर पर द्वितीय चरण का आयोजन 22 जनवरी 2025 एवं 23 जनवरी 2025 को किया गया, जिसमें प्रथम चरण में चयनित 3463 विद्यार्थियों द्वारा सहभागिता की गई थी। इनमें से चयनित कुल 32 विद्यार्थियों का सम्मान उनके मार्गदर्शी शिक्षक एवं अभिभावको की उपस्थिति में किया गया। इसमें बागली विकासखण्ड से 03, देवास से 07, कन्नौद से 04, खातेगांव से 12, सोनकच्छ से 01, टोकखूंर्द से 05 विद्यार्थी सम्मिलित हुए।
0 Comments