पीएम आवास योजना की जानकारी अपडेट नहीं करने पर कलेक्टर श्री सिंह ने जताई नाराजगी
------------
खिवनी अभ्यारण का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक पर्यटक आ सकें
------------
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास, 25 मार्च 2026 [शकील कादरी] कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर सुश्री अंशु जावला, एसडीएम श्री अभिषेक शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री आनंद मालवीय सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने नगरीय निकायों में चल रहे कार्यों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि जो भी कार्य प्रगतिरत हैं उन कार्यों में गति लाएं तथा पेंडिंग कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यों के लिए अगर भोपाल स्तर से कोई आदेश प्राप्त करना है तो नगरीय प्रशासन विभाग को पत्र लिखकर अनुमति प्राप्त कर कार्य को गति दें। उन्होंने नगरीय स्वच्छ अभियान की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की। उन्होंने नगरीय निकायों के सीएमओ से जानकारी प्राप्त की। आवास योजना की जानकारी जियोटेग अपडेशन नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिए कि इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें। पीएम आवास योजना की जानकारी अपडेट करते रहें।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने पेयजल उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधितों को निर्देश दिए कि जिले में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसके लिए कार्य प्रारंभ कर दें। उन्होंने कहा कि जहां पेयजल की दिक्कत आ रही है, वहां प्राइवेट जल स्त्रोतों को अधिग्रहण कर पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने नल जल योजना की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने ब्लू स्टार कंपनी का कार्य संतोष जनक नहीं होने पर संबंधित विभाग के पीएस को डीओ लेटर लिखने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने वन विभाग को निर्देश दिए कि जिले में स्थिति खिवनी अभ्यारण का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। इसके लिए आसपास के ग्रामीणों को प्रेरित करें उन्हें भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित करें। खिवनी अभ्यारण में लोकल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हों जिससे यहां आने वाले पर्यटकों का मनमोहित हो सकें। बैठक में वन विभाग द्वारा बताया गया कि खिवनी अभ्यारण में व्यापक तौर पर पौधारोपण किया गया। इसके साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए वन्यप्राणियों के पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने ई-विकास प्रणाली, नरवाई प्रबंधन, गेहूं/चना उपार्जन सहित अन्य कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कामधेनू योजना की समीक्षा भी की। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने विभिन्न विभागों में लम्बित सीएम हेल्प लाइन प्रकरणों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि सभी जिला अधिकारी लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से करें। उन्होंने सीमांकन, नामांकन, बंटवारा की समीक्षा कर इन कार्यों को पूर्ण करने निर्देश दिए। उन्होंने पीड्ब्ल्यूडी विभाग अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

0 Comments