शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करें-कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह
-------------
नरवाई जलाने को नहीं रोकने पर संबंधित पटवारियों पर कार्रवाई के निर्देश, उपसंचालक कृषि एवं आरईओ को भी नोटिस के निर्देश,,
शासकीय अधिकारी-कर्मचारी अपने घरों पर रूफ टॉप वाटर हार्वेस्टिंग लगाएं,,
------------
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास, 15 अप्रैल 2026 [शकील कादरी] कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रिया चंद्रावत, एसडीएम श्री अभिषेक शर्मा, डिप्टी कलेक्टर ऋतु चौरसिया, सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करें
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शासकीय जमीन पर जो भी अतिक्रमण एवं निर्माण करता है, उस पर कार्रवाई करें। उन्होंने अपर कलेक्टर द्वय को निर्देश दिए कि शासकीय जमीन पर बने मकान की सूची तैयार करें। यह सूची गांव, तहसील वार बनाई जाएं। उन्होंने कहा कि गुगल मैप से पूरी सूची बनाकर तैयार करें। शासकीय जमीन पर कोई भी अतिक्रमण व निर्माण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन को भी जागरूक करें कि जो भी शासकीय जमीन पर अतिक्रमण करता है तो उसकी जानकारी दें। उन्होंने निर्देश दिए कि तालाबों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें, तालाब या नदी के कैचमेंट एरिया में जहां पर अतिक्रमण हो हटाए जाने की कार्रवाई करें। जिले में सभी अच्छा काम करें और अपनी उपलब्धी दिखाएं।
जिले में ई-केवायसी कार्य पर प्रगति नहीं लाने पर कलेक्टर हुए सख्त
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने ई-केवायसी की समीक्षा की। जिस पाया गया कि जिले में ई-केवायसी के कार्य की गति धीमी है। कलेक्टर श्री सिंह ने ई-केवायसी कार्य में प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिए कि ई-केवायसी का कार्य आगामी एक माह में पूर्ण करे लें नहीं तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।
नरवाई जलाने की घटना नहीं रोकने पर जताई नाराजगी
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि देवास ग्रामीण एवं जिले के अन्य अनुभागों में नरवाई लगातार जलाई जा रही है। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि जिन पटवारियों के हल्के में सबसे ज्यादा नरवाई जलाने की घटना हुई है उन पर कार्रवाई करें। उपसंचालक कृषि एवं कृषि विभाग के आरईओ को भी शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पटवारी अपने-अपने हल्के में रहें। नरवाई जलाने वाले किसानों पर अर्थदंड एवं कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि सभी एक्टिव रहें, जो भी नरवाई जलाते हुए पाया जाता है, उस पर तुरंत कार्रवाई करें। जिले के किसानों को नरवाई न जलाने के प्रति जागरूक किया जाएं। किसानों को नरवाई से होने वाले नुकसान से अवगत कराएं तथा नरवाई प्रबंधन के बारे में विस्तार से किसानों को यह भी बताया जाएं कि यदि कोई भी किसान नरवाई जलाते हुए पाया गया तो उस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी तथा जुर्माना भी वसूला जाएगा। जिसमें 2 एकड़ से कम भूमि है तो 2500 रुपए, 2 एकड़ से 5 एकड़ के लिए 5000 रुपए और 5 एकड़ से अधिक भूमि पर आग लगने पर 15000 रुपए तक का जुर्माना लगेगा।
एचपीवी वैक्सीनेशन का कार्य शीघ्र पूर्ण करें
कलेक्टर श्री सिंह ने एचपीवी वैक्सीनेशन की समीक्षा कर सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य योजना बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, स्कूलों में जाकर वैक्सीनेशन का कार्य करें। इस कार्य में नगर परिषद के मैदानी अमले को भी शामिल करें। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन में टोंकखुर्द में अच्छा कार्य हुआ है। इसके लिए उन्हें टोंकखुर्द की टीम को बधाई दी। बैठक में कहा कि आगामी माह में हेल्थ शिविर का आयोजन किया जाना है, जिसकी कार्य योजना बनाई जा रही है। इस शिविर में हृदय से संबंधी जांच एवं परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि शिविर की तैयारियां समय रहते कर लें।
ग्रीष्म मौसम को देखते हुए पेयजल के लिए व्यवस्था करें
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में पीने के पानी की पर्याप्त उपलब्धता रहे। जिन ट्यूबवेल में पानी है उनका अधिग्रहण करें। पेयजल की आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध रहे इसके लिए कार्य करें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि पेयजल स्त्रोतों का तुरंत अधिग्रहण किया जाएं ताकि उनपर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो पाए और नागरिकों को पीने का पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने पीएचई विभाग को निर्देश दिए कि जिले में बंद नल कूपों की जांच करें एवं शीघ्र दुरूस्त किया जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि पीने के पानी का उपयोग अन्य जरूरी उपयोगों में न किया जाएं। इसके लिए वैकल्पिक जल स्त्रोतों के पानी का उपयोग किया जाएं।
गेहूं उपार्जन के कार्य पर फोकस करें
कलेक्टर श्री सिंह ने रबी विपणन वर्ष 2025-26 में गेहूं उपार्जन की समीक्षा की संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन के कार्य पर फोकस करें। समीक्षा के दौरान पाया कि गेहूं की उपार्जन हो गया है लेकिन पैमेंट नहीं दिया गया, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जताई तथा डीएसओ तथा सहायक आपूर्ति अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि किसानों का पैमेंट शीघ्र करें।
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा: शासकीय/अशासकीय भवनों पर लगाएं रूफ वाटर हॉर्वेस्टिंग
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले के शासकीय भवनों पर रूफ वाटर हॉर्वेस्टिंग लगवाएं। अगले हफ्ते तक प्रगति लाएं,नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अशासकीय भवनों पर भी रूफ वाटर हॉर्वेस्टिंग लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जिला पंचायत एवं अन्य कार्यालयों एवं बंगलों पर रूफ वाटर हॉर्वेस्टिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत पुरानी जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत के साथ-साथ, रूफ वाटर हॉर्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य किए जाएं। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रूफ टॉप वाटर हार्वेस्टिंग, खेत तालाब, चेक डेम स्टॉप डेम, पेरकॉलशन टैंक, कूप रिचार्ज, कंटूर ट्रेंच, रिचार्ज पिट, नाला बंधान, बोरवेल रिचार्ज आदि का कार्य करें।
सीएम हेल्प लाइन की समीक्षा की
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की। उन्होंन निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करें। उन्होंने कहा कि 50 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्प लाइन के लिए माह में एक बार बैठक रखी जाएगी तथा उन बिंदूओं पर चर्चा की जाएगी कि किन कारणों से यह शिकायत लंबित है। अगर इन में कोई अधिकारी/कर्मचारी लापरवाही करता है तो उस पर कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की तथा स्वच्छ भारत मिशन में रैंक सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में सामाजिक न्याय विभाग, एनआरएलएम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास विभाग, किलकारी अभियान सहित अन्य विभाग की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।

0 Comments