Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

हवाई हमले की आपात स्थिति से निपटने के लिए देवास में हुआ मॉकड्रिल, ऊंची बिल्डिंग से रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू

हवाई हमले की आपात स्थिति से निपटने के लिए देवास में हुआ मॉकड्रिल, ऊंची बिल्डिंग से रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू

देवास : कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह के निर्देशानुसार गुरुवार को नगर निगम परिसर में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए संयुक्त मॉकड्रिल एवं अभ्यास का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल में होमगार्ड, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ रेस्क्यू दलों ने भाग लिया। यह अभ्यास नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार एवं अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी जारी होने से लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने तक की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों, जवानों, स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों को आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
अभ्यास के दौरान घायल व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना, आग पर नियंत्रण एवं अग्निशमन, ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकालना, रेस्क्यू ऑपरेशन, भीड़ नियंत्रण एवं विभिन्न राहत-बचाव दलों के बीच त्वरित समन्वय जैसी गतिविधियों का सजीव प्रदर्शन किया गया। मॉकड्रिल के माध्यम से यह भी परखा गया कि वास्तविक आपदा की स्थिति में विभिन्न विभाग किस प्रकार कम से कम समय में आपसी समन्वय स्थापित कर राहत, बचाव एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा सकते हैं।
नगर निगम आयुक्त *श्री दलीप कुमार* ने रेस्क्यू दलों की कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य केवल तैयारियों का परीक्षण करना ही नहीं, बल्कि प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों, स्वयंसेवी दलों एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करना भी है। 
अपर कलेक्टर *श्री संजीव जैन* ने कहा कि नियमित रूप से किए जाने वाले ऐसे अभ्यास एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक सक्षम बनाते हैं और नागरिकों को भी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करते हैं।
मॉकड्रिल के सफल आयोजन में जिला सेनानी श्री राजेश जैन, कंपनी कमांडर सुश्री वीणा कौशल, प्लाटून कमांडर श्री माखन सिंह पवार* सिविल डिफेंस से श्री यशवंत जोशी, श्री राजेश जोशी, श्री राजेश सोनी, श्री दिनेश पाटीदार, श्री लोकेश वर्मा, श्री गौरव सहित जवानों, स्वयंसेवकों एवं रेस्क्यू दलों का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...