फ्लाइंग व्हील्स स्केटिंग फाउंडेशन के चार खिलाड़ियों का 17वीं जूनियर रोलबॉल नेशनल चैंपियनशिप में चयन,,
देवास। फ्लाइंग व्हील्स स्केटिंग फाउंडेशन के चार होनहार खिलाड़ियों का 17वीं जूनियर रोलबॉल नेशनल चैंपियनशिप के लिए मध्यप्रदेश टीम में चयन हुआ है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 17 से 20 अक्टूबर 2026 तक कोयंबतूर, तमिलनाडु में आयोजित की जाएगी। फ्लाइंग व्हील्स स्केटिंग फाउंडेशन की डायरेक्टर श्रीमती किरण मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि फाउंडेशन के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। इनमें मयूर दुर्वे, केशव ठाकुर, तरुण कुमावत एवं निषिध ठाकुर शामिल हैं। विशेष उपलब्धि यह है कि फाउंडेशन के खिलाड़ी मयूर दुर्वे मध्यप्रदेश टीम के कप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रतियोगिता में टीम के साथ कोच तन्मय मेहता एवं मैनेजर माही मेहता भी उपस्थित रहेंगे, जो खिलाड़ियों का मार्गदर्शन एवं प्रबंधन करेंगे। इस उपलब्धि पर फ्लाइंग व्हील्स स्केटिंग फाउंडेशन में हर्ष का माहौल है। खिलाड़ियों के चयन को उनकी मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया गया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश एवं देवास का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

0 Comments