इस वर्ष का ‘मणि दीप सृजन सम्मान’ देवास के साहित्यकार मनीष शर्मा को,,
1 नवम्बर को भोपाल के ‘शब्द उत्सव’ में किया जाएगा सम्मानित,,
मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन ने भोपाल में की घोषणा
देवास, 13 अक्टूबर। मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन ने वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ‘मणि दीप सृजन सम्मान’ इस वर्ष कथेतर गद्य विधा में देवास के जाने-माने साहित्यकार मनीष शर्मा को प्रदान किए जाने की घोषणा भोपाल में की है। इस घोषणा के साथ ही देवास के साहित्यिक जगत में हर्ष का माहौल है।
कथेतर गद्य विधा में निरंतर सृजनात्मकता, प्रयोगधर्मिता और नवीनता के साथ उत्कृष्ट लेखन करने वाले प्रदेश के किसी एक लेखक का प्रतिवर्ष चयन कर उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया जाता है। सम्मान के अंतर्गत सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किया जाता है। आगामी 1 नवम्बर को भोपाल में आयोजित होने वाले साहित्यिक आयोजन ‘शब्द उत्सव’ में मूर्धन्य साहित्यकारों के हाथों श्री शर्मा को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
उनकी इस उपलब्धि पर डॉ. प्रकाश कान्त, डॉ. सुनील चतुर्वेदी, मनीष वैद्य, यशोधरा भटनागर सहित अनेक साहित्यकारों और साहित्यप्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। वहीं, लिटरेचर क्लब के 25 से अधिक सदस्यों ने श्री शर्मा के निवास पर पहुँचकर उनका अभिनंदन किया और इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि श्री मनीष शर्मा लिटरेचर क्लब, देवास के वर्तमान अध्यक्ष हैं। यह संस्था साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और रचनाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर सक्रिय है। क्लब से लगभग 100 साहित्यकार जुड़े हुए हैं। यहाँ प्रतिमाह आयोजित होने वाली गोष्ठियों में साहित्य, लेखन और रचना-प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की जाती है। इन आयोजनों के माध्यम से रचनाकारों को अपनी रचनाएँ प्रस्तुत करने, उन पर विचार-विमर्श करने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता है। इस तरह क्लब न केवल साहित्यिक संवाद को आगे बढ़ा रहा है, बल्कि रचनाकारों की सृजनात्मक क्षमता और रचनाधर्मिता को निखारने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
क्लब की सक्रियता और साहित्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस वर्ष क्लब से जुड़े दस से अधिक साहित्यकारों की पुस्तकें पाठकों तक पहुँचने की तैयारी में हैं। यह उपलब्धि संस्था द्वारा रचनाकारों को दिए जा रहे प्रोत्साहन, उनके लेखन को सामने लाने के प्रयासों और देवास के साहित्यिक परिवेश को समृद्ध बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को रेखांकित करती है। क्लब के सामूहिक प्रयासों से देवास में साहित्यिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिल रही है और स्थानीय रचनाकारों को अपनी सृजनात्मक यात्रा आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
श्री शर्मा ने इस सम्मान को देवास की निरंतर रचनाधर्मिता, यहाँ के बेहतर साहित्यिक वातावरण और मनुष्यता को केंद्र में रखकर वैचारिक समझ के साथ किए जा रहे सकारात्मक साहित्यिक प्रयासों का परिणाम बताया है। उन्होंने यह सम्मान देवास की समृद्ध साहित्यिक परंपरा और यहाँ के रचनाकारों की लेखकीय प्रतिबद्धता को समर्पित किया है।

0 Comments