प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत देवास में बनेंगे 616 अत्याधुनिक आवास-महापौर,,
देवास। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, ए.एच.पी. घटक अंतर्गत देवास शहर के जरूरतमंद एवं पात्र नागरिकों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि योजना के तहत शहर में 616 नवीन अत्याधुनिक आवासों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इन आवासों के निर्माण से शहरवासियों को बेहतर एवं व्यवस्थित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।
महापौर ने बताया कि योजना के अंतर्गत निर्मित किए जाने वाले आवास आधुनिक सुविधाओं से युक्त 1 बीएचके फ्लैट के रूप में विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक आवास में 350 वर्गफीट से अधिक कारपेट एरिया उपलब्ध रहेगा। आवासीय परिसर में रहवासियों की सुविधा के लिए सुगम लिफ्ट, गार्डन, बच्चों के लिए झूले तथा जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। पर्यावरण एवं स्वच्छ वातावरण को ध्यान में रखते हुए परिसर में बड़े क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट भी विकसित किया जाएगा।
योजना के तहत कुल 14 ब्लॉकों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में 44 आवास होंगे तथा प्रत्येक फ्लोर पर 11 आवास निर्मित किए जाएंगे। सभी ब्लॉकों के आधार तल को पार्किंग के लिए आरक्षित रखा गया है, जिससे रहवासियों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा एवं सर्व सुविधायुक्त आवास उपलब्ध हो सकेगें।
रहवासियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए आवासीय परिसर में फायर एग्जिट की व्यवस्था के साथ पूरे कैंपस को क्लोज्ड परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।
महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, ए.एच.पी.घटक अन्तर्गत देवास में जरूरतमंद परिवारों के अपने पक्के और आधुनिक आवास के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों को केवल आवास ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जाए। योजना के अंतर्गत पात्र आवास हितग्राहियों को मात्र 7.15 लाख रुपए की राशि में आवास आवंटित किए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों का निर्धारण योजना के अनुरूप निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप होगा। योजना तहत हितग्राहियों को आवासों की रजिस्ट्री भी प्रदान की जाएगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह आवास शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होंगे।

0 Comments