सेंट्रल इंडिया एकेडमी का हैकाथॉन में शानदार प्रदर्शन, कृतिका जाट को तृतीय पुरस्कार
देवास:सेंट्रल इंडिया एकेडमी, देवास के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज 2026 - सेवा संकल्प अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, देवास द्वारा 15 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता की थीम बेहतर भविष्य के लिए नवाचार एवं विकसित मध्यप्रदेश रखी गई थी।
प्रतियोगिता में जिले के 26 विद्यालयों के प्रोजेक्ट्स प्राप्त हुए थे, जिनमें से 13 प्रोजेक्ट्स का चयन किया गया। इसमें सेंट्रल इंडिया एकेडमी के पांच नवाचारी प्रोजेक्ट्स का जिला स्तर पर चयन हुआ है। चयनित प्रत्येक प्रोजेक्ट को मॉडल निर्माण एवं विकास के लिए 5000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
विद्यालय की छात्रा कृतिका जाट ने अपने प्रोजेक्ट एक्वासेंस - स्मार्ट वाटर कंजर्वेशन के लिए तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर 2000 रुपये की नकद राशि प्राप्त की। उन्हें यह पुरस्कार संयुक्त कलेक्टर माननीय विशाखा गेहलोत द्वारा प्रदान किया गया। अन्य चयनित प्रोजेक्ट्स में आर्या वर्मा का प्रकृति फ्रेश, तेजस अकोतिया एवं कार्तिक पंजाबी का सोनिक्सफायर, तीर्थराज सरकार एवं जिवितेश चौहान का सेंसर युक्त स्मार्ट मेडिसिन बॉक्स और आदित्य पटेल का सिट्रस साइकिल प्रोजेक्ट शामिल है। इन प्रोजेक्ट्स के निर्माण एवं मार्गदर्शन में शिक्षिका श्रीमती अनिता पवार और श्रीमती आशा टेंगोर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

0 Comments