खुशबू और कोमल का राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन,,
शिवपुरी में आयोजित होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, हिन्द फौज ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
देवास। देवास की दो होनहार एथलेटिक्स खिलाड़ियों खुशबू देवरे और कोमल चौहान का विद्यालयीन खेल महासंघ भारत की राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी हार्दिक पब्लिक स्कूल की छात्राएं हैं तथा हिन्द फौज सेना एथलेटिक्स अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। हिन्द फौज कमांडर सीएसएम जितेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों का चयन शिवपुरी में 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में देवास जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। चयन के बाद खेल एवं युवा कल्याण विभाग कार्यालय में दोनों खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। विभाग की अधिकारी सेना गाड़रिया ने दोनों खिलाड़ियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सेना गाड़रिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “पदक लाना अपनी जगह है, लेकिन आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। हार-जीत होने दो, आप अपना पूरा प्रयास करें।” उनके इस संदेश से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा। खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय चयन पर हिन्द फौज परिवार के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर हिन्द फौज शिक्षा संचालक श्रीजा अग्रवाल, रवि अग्रवाल, हिन्द फौज संचालक सुरेश शर्मा, कुमेर सिंह वर्मा, दीपिका बोरीवाल, हिन्द फौज रक्तदान संचालक सीमा गिरी, विकास गिरी, हिन्द फौज योग संचालक चंद्रशेखर तिवारी, मोना तिवारी, हिन्द फौज एथलेटिक्स प्रशिक्षक संचालक ताशीन शेख, हिन्द फौज एथलेटिक्स संचालक सृजनिका लोखंडे, अजय दायमा, आरती दायमा तथा हिन्द फौज सैनिक रीना पटेल सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। हिन्द फौज कमांडर सीएसएम जितेन्द्र गोस्वामी ने कहा कि देवास की प्रतिभाओं का राज्य स्तर तक पहुंचना शहर के लिए गौरव की बात है।

0 Comments