डीजीपी श्री कैलाश मकवाना द्वारा देवास के 15 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क से सम्मानित
देवास: पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना द्वारा भोपाल में देवास जिले के 15 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र एवं डिस्क से सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों ने अपराध नियंत्रण, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, साइबर अपराधों से पीड़ितों को राहत, चोरी का खुलासा, नक्सल विरोधी अभियान, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को आर्थिक सहायता, पुलिस कार्यप्रणाली के डिजिटलीकरण एवं न्यायालयीन प्रकरणों में प्रभावी पैरवी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, अपराधों में कमी एवं साइबर पीड़ितों को राहत के लिए निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र को सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में थाना औद्योगिक क्षेत्र में हत्या में 100 प्रतिशत, हत्या के प्रयास में 50 प्रतिशत तथा बलात्कार में 40 प्रतिशत की कमी आई और विगत 02 वर्षों में हत्या की कोई घटना नहीं हुई। साथ ही साइबर फ्रॉड में 98 आवेदकों को ₹16,41,288 की राशि वापस दिलाई गई।
अमलतास विश्वविद्यालय में हुई ₹23 लाख की चोरी का सफल खुलासा कर संपूर्ण मश्रुका बरामद करने पर निरीक्षक अमित सोलंकी, तत्कालीन थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस, सहायक उप निरीक्षक अजय शर्मा, प्रधान आरक्षक 290 कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक 811 हिमांशु सिंह एवं आरक्षक 1014 संदीप को सम्मानित किया गया।
नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान के लिए निरीक्षक आशीष पाल, थाना प्रभारी सतवास को सम्मानित किया गया। उन्होंने बालाघाट जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अभियान की सफलता में उल्लेखनीय योगदान दिया।
न्यायालयीन प्रकरणों में प्रभावी पैरवी के लिए सहायक उप निरीक्षक राजेश भारद्वाज, प्रभारी रीडर शाखा देवास को सम्मानित किया गया। उनके समन्वय से 01 जनवरी 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक 13 चिन्हित प्रकरणों में निर्णय हुए, जिनमें 11 में दोषसिद्धि एवं 02 में दोषमुक्ति हुई, इस प्रकार दोषसिद्धि का प्रतिशत 86 प्रतिशत रहा।
हिट एंड रन के 81 प्रकरणों में पीड़ितों को ₹73.50 लाख की आर्थिक सहायता दिलाने के लिए सहायक उप निरीक्षक सतीश पाण्डे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास को सम्मानित किया गया।
पुलिस कार्यप्रणाली के डिजिटलीकरण, एफआईआर से चार्जशीट तक प्रक्रियाओं को तकनीक आधारित बनाने के लिए सहायक उप निरीक्षक (कम्प्यूटर) अनिल भाटिया, सीसीटीएनएस शाखा, प्रधान आरक्षक 174 अभिषेक भैरवे, सीसीटीएनएस शाखा एवं महिला आरक्षक 905 मोनिका नागर, सीसीटीएनएस शाखा को सम्मानित किया गया।
साइबर फ्रॉड में ₹1.10 करोड़ होल्ड, ₹82 लाख रिफंड एवं 129 डिजिटल अरेस्ट के प्रयास विफल करने के लिए प्रधान आरक्षक 802 सचिन चौहान एवं प्रधान आरक्षक 770 शिवप्रताप सिंह सेंगर को सम्मानित किया गया। विगत 06 माह में 249 साइबर पीड़ितों को आर्थिक राहत प्रदान की गई और साइबर जागरूकता बढ़ने से प्रतिमाह औसत साइबर शिकायतें 53 से बढ़कर 194 हुईं।
आदतन अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रधान आरक्षक 300 राहुल जायसवाल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास को सम्मानित किया गया। उनके द्वारा कुल 11,086 आदतन अपराधियों से ₹65.85 करोड़ की फाइनल बाउंड ओवर राशि करवाई गई, धारा 141 बीएनएसएस के तहत 650 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, जिनमें 147 में अंतिम निर्णय प्राप्त हुआ एवं 48 अनावेदकों को जेल भेजा गया, वहीं 104 प्रकरणों में ₹22.80 लाख की बाउंड राशि शासन पक्ष द्वारा वसूल करवाई गई।
देवास पुलिस के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान सभी के समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यों का गौरव है तथा भविष्य में भी जनहित एवं कानून व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है।



0 Comments