देवास। श्री गुरु टेकचंद सामाजिक एवं धार्मिक ट्रस्ट द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार रविवार 15 नवम्बर को समाज की मोती बंगला स्थित धर्मशाला में छप्पन भोग प्रसादी एवं अन्नकूट का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष अन्नकूट के लाभार्थी जगदीश सिसोदिया (प्रकाश साड़ी, एमजी रोड, देवास) थे। उनके द्वारा अपने पूज्य पिता स्वर्गीय मोतीलाल सिसोदिया (पूर्व अध्यक्ष, श्री दामोदर वंशीय जूना गुजराती दर्जी समाज, देवास एवं वरिष्ठ परामर्शदाता, देवास ट्रस्ट) की पावन स्मृति में अन्नकूट का कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम में लाभार्थी जगदीश सिसोदिया एवं उनके परिवार के सभी बड़े एवं छोटे सदस्यों का स्वागत ट्रस्ट के सभी संरक्षक, अध्यक्ष, सचिव सहित उपस्थित सभी कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा किया गया। स्व. मोतीलाल की धर्मपत्नी श्रीमती संपत बाई सिसोदिया एवं परिवार की अन्य सभी महिलाओं का स्वागत महिला ट्रस्टी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मार्गदर्शक रामेश्वर सोलंकी, ट्रस्ट संरक्षक दीपचंद मेहता, सत्यनारायण सोलंकी एवं लाभार्थी परिवार द्वारा समाज के आराध्य संत श्री श्री 1008 श्री गुरु टेकचंद जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। समाज के आराध्य संत श्री टेकचंद जी महाराज एवं राधा-कृष्ण भगवान को छप्पन भोग एवं अन्नकूट की प्रसादी का भोग लगाया गया। सभी अतिथि एवं वरिष्ठ सामाजिक बंधुओं, माता-बहनों द्वारा आरती की गई। आरती पश्चात सभी ने छप्पन भोग प्रसादी एवं अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की। धर्मशाला प्रांगण में सुंदर रंगोली बनाकर एवं गुब्बारों से सजावट की गई तथा मंदिर परिसर के आसपास दीप जलाकर सजावट की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, माताएं, बहनें एवं बच्चों ने अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया। अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष द्वारा अन्नकूट की भोजन प्रसादी देने वाले सिसोदिया परिवार सहित सभी स्वजातीय बंधुओं के प्रति आभार प्रकट किया गया।



0 Comments