चामुंडा काम्प्लेक्स पर विराजेंगे कृपालु के बप्पा,
देवास। 10 दिवसीय श्री गणेश चतुर्थी महापर्व को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में चामुंडा कॉम्प्लेक्स परिसर में संस्था कृपालु द्वारा कृपालु के बप्पा की स्थापना की जाएगी। बप्पा की आराधना के लिए भव्य पांडाल सजाया जा रहा है। संस्था द्वारा सोमवार को विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर बप्पा के आगमन का श्रीगणेश किया गया। संस्था द्वारा इस वर्ष 10 दिवसीय धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन के साथ प्रतिदिन भोजन प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति पूजन और पंडाल निर्माण के लिए भूमिपूजन से हुई, जहां भक्तों ने मिलकर “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे लगाए। पंडाल में आकर्षक सजावट भी की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दस दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान, भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक संदेशों से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। संस्था के सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पंडाल में दर्शन हेतु पहुंचेंगे। जहां भोजन प्रसादी भी भक्तों के लिए रखी जा रही है। भक्तों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और चामुंडा कॉम्प्लेक्स क्षेत्र गणेश भक्ति के रंग में रंग चुका है। जहां विशाल पांडाल के साथ बप्पा की आकर्षक प्रतिमा भी स्थापित की जायेगी।
0 Comments