नियमों की अनदेखी पर आरटीओ की कड़ी कार्यवाही, 10 माह में 296 चालकों के लाइसेंस निलंबित
देवास 23 जनवरी 2026 [शकील कादरी] कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिले में परिवहन विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान ने बताया कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्थाओं को सुरक्षित बनाने की दिशा में कई प्रकरणों का निराकरण करते हुए कार्यवाही की गई है। जिसमें अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक कुल 10 माह में आए प्रकरणों पर कार्यवाही कर 296 चालकों के लाइसेंस निलंबित किये गये है। जिसमें मुख्यतः ऐसे वाहन चालक जो शहरी मार्गों एवं व्यस्तम मार्गों पर तय सीमा से अधिक गति से अपने वाहनों तेज गति से दौड़ाते पाए गए, यातायात नियमों का उल्लंघन करते, सिग्नल जंप करने पर, नो पार्किंग में अपने वाहन खड़ा करने एवं शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए उन चालकों के विरुद्ध आरटीओ अधिकारी द्वारा लाइसेंस निलंबित करने की कार्यवाही की गई।
आरटीओ अधिकारी श्रीमती निशा चौहान ने बताया कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए, दो पहिया वाहन पर 3 सवारी नहीं बैठना चाहिए, सभी अभिभावकों को अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने नहीं देना चाहिए, दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए, सभी दस्तावेज साथ में रखना चाहिए, शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाना चाहिए, वाहन की नंबर प्लेट एचएसआरपी होना चाहिए, तेज गति से वाहन नहीं चलाना चाहिए।

0 Comments