राष्ट्रीय मिनी गोल्फ प्रतियोगिता नागपुर में पदमजा स्कूल देवास को 9 स्वर्ण, 6 रजत
देवास: विगत दिनाँक 3 से 8 जनवरी तक नागपुर, महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय मिनी गोल्फ जूनियर एवं सब-जूनियर प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए पद्मजा स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगल्स, डबल्स, मिक्स्ड डबल्स और टीम इवेंट में 9 स्वर्ण एवं 6 रजत पदक जीते। स्वर्ण पदक विजेताओं में कनक जैन, करुणा मालवीय, रिद्धिमा राठौर, हर्षिता पंवार, अदिति गोपनारायन, महक जगा, नैतिक जैन और आदित्य चौधरी सम्मिलित रहे। इसी प्रकार रजत पदक विजेताओं में वैष्णवी बंसोड़, सत्यम चौधरी, कंवलजीत सिंह, अमरनाथ शर्मा, अनिरुद्ध सिरोहिया और आर्यन चौधरी शामिल रहे। सभी विजेताओं को बधाई प्रेषित करते हुए मप्र मिनी गोल्फ एसोसिएशन के सचिव श्री कौशल शिवरे एवं, मिनी गोल्फ जिला देवास के अध्यक्ष श्री स्वप्निल जैन ने सभी के प्रदर्शन को सराहा एवं भविष्य में भी इसी प्रकार की सफलता की कामना की। पद्मजा स्कूल की प्राचार्या डॉ कोमल जैन ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। मिनी गोल्फ, देवास के सचिव श्री अनिल श्रीवास्तव, श्री पंकज वर्मा, कोच निधि सवनेर, शशिकांत नकसवाल आदि ने भी सभी विजेताओं को बधाई दी।

0 Comments