देवास: महालक्ष्मी नगर स्थित किडज़ी स्कूल में वार्षिक समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं मंगलमय हो गया।
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावकगण एवं नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शिवनारायण कारपेंटर एवं श्रीमती पुनीत कौर ज़ी लर्न, मुंबई की विशेष उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि श्री कारपेंटर ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि केवल माँ ही गुरु नहीं होती, बल्कि पिता भी बच्चे के प्रथम गुरु होते हैं। उन्होंने महाभारत के वीर योद्धा अभिमन्यु का उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार अभिमन्यु ने मां के गर्भावस्था में ही पिता अर्जुन से चक्रव्यूह की शिक्षा प्राप्त की थी, जो यह दर्शाता है कि पिता की भूमिका भी शिक्षा एवं संस्कारों में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनका यह विचार सभी अभिभावकों के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
श्रीमती पुनीत कौर ने बच्चों की मनमोहक एवं आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पलक विशनानी द्वारा अत्यंत सुंदर, सधे हुए एवं प्रभावशाली ढंग से किया गया। नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री रामेश्वर शर्मा ने अपने उद्बोधन में बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए आधुनिक युग में शिक्षा से संबंधित बातों की चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आरती शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस प्रकार किडज़ी महालक्ष्मी नगर का वार्षिक समारोह अत्यंत सफलतापूर्वक एवं स्मरणीय रूप से संपन्न हुआ।

0 Comments