देवास विधानसभा में मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ सांसद खेल महोत्सव का शुभारम्भ,,
कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, रस्साकसी, बॉस्केटबॉल, सॉफ्ट टेनिस, सॉफ्ट बॉल ऐथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी
देवास:12 जनवरी 2026 (शकील कादरी) फिटनेस को बढ़ावा देने एवं स्थानीय खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के उद्देश्य से देवास विधानसभा में दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन देवास-शाजापुर सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में किया जा रहा है। सोमवार को सांसद खेल महोत्सव का शुभारम्भ किया गया। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ सयाजी द्वार से खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट निकाला, जो नगर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ ओलंपिक खेल मैदान पर पहुंचा। तिरंगे गुब्बारे आसमान में उड़ाकर खेल महोत्सव की शुरुआत की गई। शुभारम्भ कार्यक्रम में राधाबाई हायर सेकेंडरी स्कूल एवं चिमनाबाई हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने रस्साकशी, वॉलीबॉल एवं 100 मीटर दौड़ की शुरुआत करवाई।
सांसद खेल महोत्सव के शुभारम्भ कार्यक्रम में सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी ने राष्ट्रीय युवा दिवस की सभी को बधाई देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद सभी युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत हैं। इस वजह से देवास में सांसद खेल महोत्सव के शुभारम्भ 12 जनवरी से किया जा रहा है। युवाओं में वायु जैसी गति और सामर्थ्य होता हैं। सांसद खेल महोत्सव केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़ने की पहल बनकर सामने आयेगा।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी हमारे जीवन का अंग है। खेल हमेशा टीम भावना को जन्म देता है। खेल से प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न होती है और यहीं प्रतिस्पर्धा की भावना हमें जीवन में बढ़ने में मदद करती है। जिले के लिए गर्व की बात है कि चार खिलाड़ी एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस में चयनित हुए है। खिलाडियों ने अलग-अलग विधा में प्रदेश और देश में देवास जिले का नाम रोशन किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने सभी प्रतिभागी खिलाडियों का बधाई देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी प्रत्येक विधा में पूर्ण क्षमता से भाग लें और खेल भावना से आगे बड़े। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की ऊर्जा जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है।
सांसद खेल महोत्सव में सभी शासकीय एवं अशासकीय तथा सीबीएसई विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल हो रहे है। सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता पायोनियर पब्लिक स्कूल में, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, रस्सा कसी, सॉफ्टबॉल, एथलेटिक्स एवं सॉफ्टबॉल की प्रतियोगिताएं ओलंपिक मैदान पर, फुटबॉल सेंट थॉम स्कूल, बैडमिंटन एवं बास्केटबॉल कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में होगी। कार्यक्रम का संचालन श्री अरविंद त्रिवेदी एवं प्रीति पवार ने किया। आभार विश्व मित्र अवॉर्डी सुदेश सांगते ने माना।
कार्यक्रम में एएसपी श्री जयवीर सिंह भदोरिया, एडीएम श्री शोभाराम सोलंकी, जिला खेल अधिकारी सुश्री सेना गाडरिया, जिला शिक्षा अधिकारी हरिसिंह भारती, सॉफ्ट टेनिस जिला अध्यक्ष श्री महेश चौहान, श्री राहुल पडियार, श्री चंद्रेश हलानी, श्री दिलीप जाधव, श्री हेमेंद्र निगम, श्री मनीष जायसवाल, श्री विपुल चौहान, श्री अजीत भल्ला, श्री बलराम शर्मा, श्री गौरव कदम, श्री भारती पिपरा, श्री राजेश सोलंकी, श्री महेश सोनी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।

0 Comments