देवास जिले में आयोजित होगा “मेगा विधिक जागरूकता एवं आउटरीच शिविर“
देवास : 26 मार्च 2026: म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवास द्वारा दिनांक 28 मार्च 2026 (शनिवार) को एक दिवसीय “मेगा विधिक जागरूकता एवं आउटरीच शिविर“ का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) के लीगल सर्विसेज कैम्प मॉड्यूल के अनुरूप आयोजित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को उनके विधिक अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
इस शिविर में महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधि अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी व्याख्यान के माध्यम से उपस्थित जनसामान्य को प्रदान करेंगे। पैनल अधिवक्ताओं एवं विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ताओं द्वारा निःशुल्क विधिक परामर्श प्रदान किया जाएगा तथा उपयुक्त प्रकरणों को लोक अदालत एवं मध्यस्थता हेतु संदर्भित किया जाएगा।
“बंदी-शिशु मिलाप“ - एक मानवीय पहल
इसी कार्यक्रम के अंतर्गत जिला जेल, देवास में एक अत्यंत भावपूर्ण एवं मानवीय आयोजन “बंदी-शिशु मिलाप“ किया जाएगा। दिनांक 28 मार्च 2026 को प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कारागार में निरुद्ध बंदियों के बच्चे एवं परिवारजन उनसे मुलाकात कर सकेंगे। यह पहल बंदियों के पारिवारिक संबंधों को बनाए रखने एवं उनके मनोबल को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
कैदियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
इसी अवसर पर जिला जेल में बंद कैदियों के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास एवं अमलतास अस्पताल देवास के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
इस शिविर में निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी:
1.सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण - ब्लड प्रेशर, शुगर, तापमान, ऑक्सीजन स्तर आदि की जांच
2. विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श - जनरल फिजिशियन द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श
3. निःशुल्क दवाइयां - आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण
4. स्वास्थ्य जागरूकता - स्वच्छता एवं रोगों से बचाव संबंधी जानकारी
महत्वपूर्ण
“बंदी-शिशु मिलाप“ में शामिल होने वाले परिवारजनों से अनुरोध है कि वे मुलाकात हेतु वैध पहचान पत्र साथ लाएं। प्रवेश केवल वैध पहचान पत्र के आधार पर दिया जाएगा।
“इस शिविर का उद्देश्य विधिक जागरूकता को जनसामान्य तक पहुंचाना है। बंदी-शिशु मिलाप एवं स्वास्थ्य शिविर विधिक सेवाओं के मानवीय पक्ष को सामने लाते हैं।“
- रोहित श्रीवास्तव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवास
जिले के सभी नागरिकों, विशेष रूप से बंदियों के परिवारजनों से, इस कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की जाती है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर एबी रोड कैलादेवी चौराहा देवास में संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम दिनांक: 28.03.2026 शनिवार समय: प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे
स्थान: जिला जेल, देवास (म.प्र.)

0 Comments