श्रीराम नवमी पर सजा रामाश्रय परिसर, महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
देवास। मक्सी रोड स्थित धर्म, जनसेवा और सामाजिकता की त्रिवेणी माने जाने वाले रामाश्रय परिसर में शुक्रवार को राम नवमी के पावन अवसर पर प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अत्यंत श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक पताकाओं से सजाया गया, वहीं एक दिन पूर्व की गई भव्य विद्युत सज्जा ने वातावरण को और अधिक दिव्य बना दिया। सुबह से ही भजन मंडली द्वारा भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। ठीक दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम की महाआरती संपन्न हुई, जिसमें महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, रामाश्रय ट्रस्ट के संस्थापक रमेश कुमार जीतमल अग्रवाल, सभापति रवि जैन, कांग्रेस नेता मनोज राजानी, विधायक प्रतिनिधि भरत चौधरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया और भंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। इस दौरान प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मणजी एवं हनुमानजी के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। रामाश्रय परिसर में आयोजित इस भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम की जानकारी ट्रस्ट के राकेश कुमार अग्रवाल ने दी।

0 Comments