सेना प्रमुख ने लाखन सिंह राठौड़ को किया सम्मानित
देवास।। देवास जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया जब ग्राम खजुरिया कनका, तहसील सोनकच्छ निवासी एवं जय हिंद अकैडमी देवास के डायरेक्टर लाखन सिंह राठौड़ (13 राजपूताना राइफल्स) को भारतीय थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह भोपाल स्थित 21 कोर मुख्यालय में आयोजित हुआ, जहां उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि देवास जिले के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी पूर्व सैनिक को इस स्तर का सम्मान मिला है। पूर्व सैनिक लाखन सिंह राठौड़ लंबे समय से समाज सेवा और राष्ट निर्माण के कार्यों में सक्रिय हैं। वे पिछले 9 वर्षों से एक्स सर्विसमेन वेलफेयर सोसाइटी में कार्यकर्ता के रूप में जुड़े हुए हैं और शहीद परिवारों, सैनिक परिवारों तथा वर्तमान एवं पूर्व सैनिकों के साथ हर समय खड़े रहते हैं।
इसके साथ ही, वे जय हिंद अकैडमी के माध्यम से युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र के कई युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना साकार कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और इसे जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। जानकारी रविन्द्र सिंह पंवार अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (रामवंशज) प्रदेश अध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ ने दी।
0 Comments