कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने स्वयं भरा ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म
------------
जिले के नागरिकों से कलेक्टर श्री सिंह ने डिजिटल सुविधा का लाभ उठाकर स्व-गणना फॉर्म ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की
--------------
देवास; 17 अप्रैल 2026 [शकील कादरी] कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने जिले के नागरिकों से जनगणना कार्य में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में जनगणना का कार्य संचालित हो रहा है तथा इसी क्रम में भारत सरकार द्वारा स्वगणना (Self Enumeration) पोर्टल se.census.gov.in प्रारंभ किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से सभी नागरिक घर बैठे ही अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित एवं पूर्णतः गोपनीय है, जिसमें नागरिकों की निजता का विशेष ध्यान रखा गया है। 16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन स्व-गणना का कार्य होगा। एक से 30 मई तक मकान सूचीकरण होगा। यह प्रक्रिया डिजिटल रूप से होगी।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वगणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें और स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सटीक एवं सुगम बनेगी। स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक बिना किसी फील्ड कर्मी के घर आए, स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना की सरल प्रक्रिया: स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। प्रक्रिया 9 आसान चरणों में पूर्ण की जा सकती है:
पोर्टल लॉगिन: https://se.census.gov.in पर जाएं, राज्य चुनें एवं कैप्चर भरें।
परिवार पंजीकरण: परिवार के मुखिया का नाम, 10-अंकीय मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करें। एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार पंजीकृत किया जा सकता है।
ओ.टी.पी. सत्यापन: पसंदीदा भाषा चुनकर मोबाइल पर प्राप्त ओ.टी.पी. दर्ज करें।
स्थान का विवरण: जिला, पिन कोड, ग्राम/नगर/मोहल्ला की जानकारी दें।
मानचित्र पर अवस्थिति: मानचित्र पर मार्कर के माध्यम से अपने मकान की सटीक अवस्थिति चिन्हित करें।
प्रश्नावली भरें: आवासीय एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज करें।
पूर्वावलोकन: भरी गई जानकारी की जांच कर आवश्यक सुधार करें।
अंतिम सबमिशन: “FinalSubmit”पर क्लिक करें। 11-अंकीय एस.ई. आईडी जनरेट होगी, जो एस.एम.एस. एवं ईमेल पर प्राप्त होगी।
प्रगणक द्वारा सत्यापन: प्रगणक के घर आने पर उन्हें एस.ई. आईडी दिखाकर डेटा सत्यापित कराएं।

0 Comments