कलेक्टर श्री सिंह ने शहर के एबी रोड स्थित फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
---------
ई-रिक्शा का संचालन नियत रूट एवं कलर स्कीम के अनुसार संचालन किया जाएं-कलेक्टर श्री सिंह
-------
जिले में मादक पदार्थों के विक्रय करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएं-पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद-------------
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
देवास, 01 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने यातायात व्यवस्था, एसटी/एससी अपराध, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, विषयों पर विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, सहित जिला अधिकारीगण एवं पुलिस अधिकारी, सड़क सुरक्षा के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारीगण, पुलिस विभाग के अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने लोक निर्माण, नगर निगम देवास एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि एबी रोड पर निर्मित फुटपाथ से मुहिम चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएं। उन्होंने कहा कि एबी रोड के सौंदर्यीकरण के लिए पेड़-पौधे भी लगाए जाएं। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि इंदौर बायपास चौराहे से बावड़िया चौराहा तक मार्ग के मध्य में स्थित डिवाइडर के निर्माण करवाया जाएं। उन्होंने इंदौर बायपास चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर ब्रिज को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश एनएचएआई इंदौर को दिए। उन्होंने एबी रोड पर देवास से मक्सी की आरे निर्मित ब्लैक स्पॉट के परिशोधन के लिए एनएचएआई उज्जैन को निर्देश दिए। उन्होंने इंदौर-बैतूल मार्ग एनएच 59 ए पर निर्मित अंडरपासों में कॉन्वेक्स मिरर लगाए जाने के लिए एनएचआई हरदा को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कैलादेवी मार्ग पर से अतिक्रमण हटाकर, रोड के मध्य डिवाइडर लगाने के निर्देश दिए एवं डिवाइडर के मध्य पेड़-पौधे लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएं।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि देवास शहर अंतर्गत ई-रिक्शा संचालन के 3-4 झोन बनाए जाएं। ई-रिक्शा का संचालन नियत रूट एवं कलर स्कीम के अनुसार संचालन किया जाएं। उन्होंने निर्देश दिए शहर अंतर्गत् स्थित एबी रोड पर निर्मित डिवाइडर पर लगे पौधों को व्यवस्थित करने के लिए लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम को निर्देश दिए। देवास-भोपाल मार्ग स्थित अवैध कट पाइंट को बंद करने के निर्देश एमपीआरडीसी भोपाल को दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि राहवीर योजना और कैशलेस स्कीम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान जान बचाना और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान करना है। इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये। आरटीओ राहवीर और कैशलेश स्कीम के अलग-अलग पंपलेट बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक प्रसारित करें। जिससे नागरिकों को दोनों योजनाओं को समझने में आसानी हो। पुलिस, स्वास्थ्य और आरटीओ विभाग आपस में समन्वयन कर योजना का लाभ संबंधित को दिलाना सुनिश्चित करें तथा अन्य जिलों में घायल को भेजने पर संबंधित टीआई से सम्पर्क में रहें। उन्होंने इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि बाल विवाह रोकथाम के लिए मुहिम चलाकर बाल विवाह रोका जाएं। बाल विवाह करवाने वाले सभी संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जाएं। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष कम आयु वाली महिला अगर ए.एन.सी. पाई जाती है तो उसकी जांच कर कार्रवाई करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने एनकॉर्ड के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थों के विक्रय करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएं। उन्होंने कहा कि बंद फैक्ट्रियों की जांच की जाएं कि वहां पर कोई मादक पदार्थ को स्टोर या विक्रय करने का कार्य तो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्था के 500 मीटर के दायरे में कोई नशा सामग्री विक्रय न किया जाएं। जिले में कही भी नशा या मादक पदार्थ मिलते हैं तो उन स्थानों को चिंहित कर कार्रवाई करें। सूचना के लिए मानस हेल्प नंबर 1933 का उपयोग करके मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी अपराध की रिपोर्ट कर सकते हैं और पुनर्वास और परामर्श के संबंध में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

0 Comments