डिजिटल जनगणना-2027 में प्रगणकों को सही जानकारी देकर राष्ट्रीय अभियान में बनें भागीदार,,
जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों की आधारशिला,,,
जिले में 30 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण का कार्य
देवास, 06 मई 2026 [शकील कादरी] राष्ट्रीय जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण (House Listing) का कार्य चल रहा है। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशन में जिले में मकान सूचीकरण कार्य 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस बार की जनगणना की प्रमुख विशेषता इसका पूर्णतः डिजिटल होना है, जिसमें प्रगणक कागज के फॉर्म के स्थान पर मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा संग्रहण कर रहे हैं। जिले के नागरिक डिजिटल जनगणना-2027 में प्रगणकों को सही जानकारी देकर राष्ट्रीय अभियान में भागीदार बनें।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा, "जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों की आधारशिला होते हैं। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में हर नागरिक का सक्रिय सहयोग अनिवार्य है।" सभी प्रगणक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने क्षेत्रों में डिजिटल डेटा फीडिंग का कार्य पूर्ण करेंगे, जिससे गणना में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो सकेगी।
नागरिकों से क्या पूछा जाएगा
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक नागरिकों से कुछ सामान्य और बुनियादी जानकारियां प्राप्त करेंगे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं, भवन की स्थिति और परिवार के सदस्यों की संख्या,परिवार के मुखिया का नाम, बुनियादी सुविधाएं जैसे नल कनेक्शन, बिजली, शौचालय/बाथरूम और गैस कनेक्शन, घरेलू संपत्ति जैसे रेडियो/टीवी, केबल कनेक्शन, साइकिल/मोटर साइकिल/कार, परिवार द्वारा उपयोग किया जाने वाला मुख्य अन्न, इंटरनेट, मोबाइल आदि।
क्या साझा न करें
जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक नागरिकों से किसी भी प्रकार के संवेदनशील दस्तावेज या निजी वित्तीय जानकारी की मांग नहीं करेंगे। नागरिक ध्यान रखें कि प्रगणकों द्वारा आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर या बैंक विवरण नहीं पूछा जाएगा। किसी भी प्रकार का ओटीपी (OTP) साझा करने की आवश्यकता नहीं है। प्रगणक के घर पहुंचने पर नागरिक अपनी संतुष्टि के लिए उनका आधिकारिक पहचान पत्र अवश्य चेक करें।

0 Comments