एसडीएम तालाबों का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें – कलेक्टर श्री सिंह
------------
जनपद पंचायत सीईओ देवास, सोनकच्छ, टोंकखुर्द, कन्नौद और खातेगांव को वेतन वृद्धि रोकने संबंधित शोकाज नोटिस के निर्देश
-------------
एसडीएम और तहसीलदारों को हल्कावार शासकीय भूमि की सूची कर शासकीय भूमि से कब्जा हटाने की कार्यवाही करें
-------------
अवैध बोर खनन करने वालों पर कार्यवाही करें,,
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास, [शकील कादरी] कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी एसडीएम अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले तालाबों का निरीक्षण करें और वहां से तुरंत अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम और तहसीलदारों को हल्कावार शासकीय भूमि की सूची तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि उन शासकीय भूमियों की जानकारी भी अनिवार्य रूप से जोड़ी जाए जिन पर वर्तमान में अवैध कब्जा है। सूचियों को संबंधित ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर चस्पा किया जाये। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही कर अर्थदंड भी लगाया जाए। कलेक्टर ने समय-सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
"जल गंगा संवर्धन अभियान" के कार्यो पर प्रगति नहीं होने पर हुए सख्त
कलेक्टर श्री सिंह ने "जल गंगा संवर्धन अभियान" की विस्तृत समीक्षा की। अभियान के तहत जिले विभिन्न विभागों द्वारा अब तक किए गए कार्यों का आंकलन किया और भविष्य की कार्ययोजना के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपद पंचायतों में अभियान के तहत किये जा रहे कार्यों में प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए सख्त निर्देश दिये की अभियान के तहत किये जा रहे कार्य शीघ्र पूर्ण करें। लापरवाही बरतने वालों पर कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बागली में जनपद पंचायत क्षेत्र में अच्छा कार्य हो रहा है, अन्य जनपद पंचायतों में कार्यो में प्रगति नहीं दिख रही है। कलेक्टर श्री सिंह ने बागली जनपद पंचायत सीईओ को छोड़कर सभी जनपद सीईओ को वेतन वृद्धि रोकने संबंधित नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में अभियान के तहत जनभागीदारी से कंटूर ट्रेंचिंग बनाने के लिए स्थान का चयन करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह के माध्यम से अमृत सरोवरों में मत्स्य पालन का कार्य कराये। कलेक्टर ने नगर निगम एवं नगर परिषदों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार और अन्य विकास कार्यों के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिये।
एचपीवी टीकाकरण में निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूरा करें
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जिले में चल रहे एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित लक्ष्य को जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि सोनकच्छ टीकाकरण कार्य में जिले में सबसे पीछे है। जिसपर कलेक्टर श्री सिंह ने सोनकच्छ सहित अन्य पिछड़े विकासखण्डों में अभियान में तेजी लाने और सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत चल रही गतिविधियों पर की चर्चा
कलेक्टर श्री सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता सर्वेक्षण के मापदंडों के अनुरूप चल रही गतिविधियों पर चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस दौरान बताया गया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मापदंड अनुसार जिले की नगरीय निकायों में जीएफसी स्टार रेटिंग, ओडीएफ++, रेड एवं येलो स्पॉट पर कार्यवाही की जा रही है। शहर में स्थित सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों के टूट-फूट सुधार एवं रंग रोगन का कार्य किया जा रहा है। डोर-टू-डोर गीला एवं सूखा कचरा संग्रहण किया जा रहा है।
समग्र केवाईसी कार्य को गंभीरता से लेकर लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करें
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा समग्र केवाईसी कार्य को गंभीरता से लेकर लक्ष्य को शीघ्र ही शत-प्रतिशत पूर्ण करें। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में समग्र केवाईसी का 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि वन अधिकार पट्टो के लंबित प्रकरणों का वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित कर निराकरण करें। कलेक्टर ने शिशु और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े किलकारी अभियान की समीक्षा कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। अभियान के तहत गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को अस्पताल भर्ती कर उनका पूरा इलाज मुफ्त में किया जाएगा।
पूर्ण योजनाओं को तत्काल प्रारंभ करने के आदेश
कलेक्टर श्री सिंह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित सभी अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में पाइपलाइन बिछाने या टंकी निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है, उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करें। समीक्षा में पाया गया कि कुछ ग्रामों में योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है लेकिन पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं को तत्काल चालू कर ग्रामीणों को घर-घर नल से जल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को फील्ड पर जाकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
अवैध बोर खनन पर करें कार्यवाही
कलेक्टर श्री सिंह ने जलस्तर की स्थिति को देखते हुए निर्देश दिये कि अवैध बोर खनन करने वालों पर कार्यवाही की जाये। उन्होंने जिले में बिना अनुमति बोरिंग करने वाली मशीनों को जब्त करने और संबंधित व्यक्तियों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि अवैध बोर खनन पर सतत निगरानी रखें।
जिले में 02 लाख 05 हजार 260 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी एवं 251.61 करोड़ का भुगतान हुआ
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में जारी गेहूं उपार्जन की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि अब तक जिले के उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 02 लाख 05 हजार 260 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है एवं 251.61 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में भुगतान की जा चुकी है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि शेष भुगतान भी समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए और केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखें। बैठक में बताया गया कि 'एमपी फार्मगेट ऐप' के माध्यम से सौदा पत्रक जारी करने के मामले में देवास मंडी पूरे मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही है। फार्मगेट ऐप के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है और किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य सीधे प्राप्त हो रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने उदयनगर, अजनास, टोंकखुर्द और भौंरासा मंडियों को तत्काल क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इन क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर मंडियों का संचालन अनिवार्य है। संबंधित क्षेत्रों के अधिक से अधिक किसानों का मंडी पोर्टल और फार्मगेट ऐप पर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए।

0 Comments