दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को एरियर राशि भुगतान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा
देवास ।प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी एवं सफाई कर्मचारियों को एरियर राशि के भुगतान की मांग को लेकर मध्य प्रदेश नगर निगम-नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा अपर श्रम आयुक्त कार्यालय, इंदौर में ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी, हरेंद्र सिंह ठाकुर, अशोक देशमुख, प्रवीण तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपर श्रम आयुक्त निधि सिंह से मुलाकात कर अनुरोध किया कि प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर परिषदों में कार्यरत समस्त संवर्गों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों एवं सफाई कर्मचारियों को एरियर राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। प्रतिनिधिमंडल द्वारा बताया गया कि लंबे समय से कर्मचारियों को एरियर राशि का भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, अतः इस विषय में शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है। अपर श्रम आयुक्त निधि सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस संबंध में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के निगम आयुक्त एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों को एरियर राशि का भुगतान सुनिश्चित हो सके। संगठन के पदाधिकारियों ने इस विषय में शीघ्र कार्रवाई कर संगठन को अवगत कराने का भी अनुरोध किया।
0 Comments