संस्था सिद्धि विनायक द्वारा जनसेवा हेतु एम्बुलेंस समर्पित
देवास। संस्था सिद्धि विनायक द्वारा एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस जनसेवा हेतु जनता को समर्पित कीं। इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध होगी, जिससे अनेक बहुमूल्य जीवन सुरक्षित किए जा सकेंगे। यह नेक पहल न केवल स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करती है, बल्कि जरूरतमंदों को समय पर अस्पताल पहुँचाकर गोल्डन ऑवर का लाभ सुनिश्चित करती है। संस्था सिद्धि विनायक द्वारा जरूरतमंद लोगों की सेवा हेतु समर्पित यह एम्बुलेंस केवल एक वाहन नहीं, बल्कि मानव सेवा, करुणा और उनकी संवेदनशीलता का सजीव प्रतीक है जो आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान कर जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। श्रीमंत विक्रम सिंह पवार के जन्मदिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में देवास विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने इसे जनसेवा हेतु समर्पित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति, हर वर्ग और सम्पूर्ण समाज के लिए सेवा की भावना होना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान होती है और संस्था सिद्धिविनायक के संयोजक व नगर निगम सभापति रवि जैन इन सब पर खरा उतरते हैं यह उन्होंने पूर्व में भी कई बार करके दिखाया है। संस्था के संयोजक रवि जैन ने बताया कि बड़े महाराज श्रीमंत तुकोजीराव पवार ने अपने जीवन में कर्म और वाणी से हमें मानवता, करुणा और सेवा का जो मार्ग दिखाया, वही मार्ग आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहा है। संस्था सिद्धि विनायक के माध्यम से हम विगत कई वर्षों से जन-जन तक एकता, सद्भाव और अपनी संस्कृति से जुड़कर जनसेवा के लिए आमजनों को प्रेरित करने का लोकहितकारी प्रयास कर रहें हैं।
0 Comments