देवास बना “स्मार्ट जिला”, अब हर विवेचना होगी ई-विवेचना, विवेचकों को मिले 374 टैबलेट,,
डीआईजी उज्जैन रेंज श्री नवनीत भसीन की उपस्थिति में टेबलेट्स का वितरण
देवास: भारतीय न्याय संहिता की “पीड़ितों को समय पर न्याय” की संकल्पना को जमीन पर उतारने की दिशा में देवास पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB), पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा सीसीटीएनएस परियोजना के अंतर्गत जिला देवास को ई-विवेचना प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कुल 374 टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। माननीय डीजीपी श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन में पुलिस मुख्यालय से प्राप्त इन टैबलेट्स के बाद अब देवास का प्रत्येक विवेचक “स्मार्ट विवेचक” बन गया है और प्रत्येक अपराध की विवेचना अब कागज की जगह डिजिटल माध्यम से होगी।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास के सभागार में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में उज्जैन रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री नवनीत भसीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जिले के समस्त थाना क्षेत्रों के विवेचकों को 374 टैबलेट वितरित किए और ई-विवेचना एप्लीकेशन के उपयोग, डिजिटल अनुसंधान प्रक्रिया तथा आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। श्री भसीन ने विवेचकों को टैबलेट्स की उपयोगिता से अवगत कराते हुए कहा कि इनके प्रयोग से विवेचना में पारदर्शिता आएगी, समयबद्धता सुनिश्चित होगी और न्यायिक प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ बनेगी। उन्होंने बताया कि ई-विवेचना एप्लीकेशन पुलिस अनुसंधान प्रणाली को आधुनिक, डिजिटल एवं अधिक प्रभावी स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होगा और अनुसंधान कार्य में गति आएगी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद ने तकनीक के व्यापक प्रयोग को त्वरित न्याय की दिशा में अहम बताया। उन्होंने कहा कि ई-विवेचना से कागजी कार्यवाही और पत्रों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक लाने-ले जाने में लगने वाला समय बचेगा, जिससे अपराधों की चार्जशीट समय पर न्यायालय में प्रस्तुत हो सकेगी। इसका सीधा लाभ पीड़ितों को समय पर न्याय और अपराधियों को समय पर सजा के रूप में मिलेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, थाना प्रभारीगण और जिले के समस्त विवेचक उपस्थित रहे। देवास पुलिस ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

0 Comments