महिलाओ ने अधिक मास में श्रीकृष्ण को लगाया छप्पन भोग, भजन-संगीत से भक्तिमय हुआ वातावरण,,
- श्री नागर चित्तौड़ा महाजन समाज की महिला मंडल द्वारा हुआ आयोजन
देवास। श्री नागर चित्तौड़ा महाजन समाज की महिला मंडल द्वारा अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर सोमवार को श्री कृष्ण अष्टमी के उपलक्ष्य में धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रीमती ममता अशोक गुप्ता के रामनगर स्थित निवास पर संपन्न हुआ, जहां भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित कर भजन-संगीत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालु महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। अधिक मास में घेवर एवं मालपुए के वितरण का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए महिला मंडल द्वारा सभी सदस्यों को घेवर के पैकेट वितरित किए गए। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं। ठाकुरजी को नौका विहार कराया गया, पालने में झुलाया गया तथा खस से निर्मित सुंदर बंगले में विश्राम की व्यवस्था की गई। इसके अलावा विभिन्न मौसमों एवं भगवान श्रीकृष्ण की रुचि के अनुरूप मनोहारी सजावट और झांकियां तैयार की गईं, जिन्होंने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति का भाव प्रकट किया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

0 Comments