“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान 15 जुलाई से, 16 दिन तक चलेगा व्यापक जन-जागरूकता,,
देवास : मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में देवास जिले में पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चलेगा।
अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती सौम्या जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री हरनारायण बाथम के नेतृत्व में किया जाएगा। जिले के समस्त अनुभाग देवास, सोनकच्छ, बागली, कन्नौद एवं डीएसपी एल-आर के मार्गदर्शन में समस्त थाना एवं चौकी प्रभारीगण द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान प्रतिदिन स्कूल-कॉलेजों में व्याख्यान, पोस्टर-शॉर्ट फिल्म प्रदर्शन, नशामुक्ति शपथ, रैली, नुक्कड़ नाटक, ग्राम सभाएं, महिला समूहों-युवाओं से संवाद, औद्योगिक क्षेत्रों में जागरूकता और नशामुक्ति परामर्श शिविर आयोजित होंगे। सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से भी संदेश प्रसारित होंगे। 15 जुलाई को रैली व शपथ, 18 जुलाई को हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जागरूकता, 20 जुलाई को औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यक्रम, 22 जुलाई को धार्मिक स्थलों से संदेश, 25 जुलाई को स्वास्थ्य केंद्रों में परामर्श शिविर और 30 जुलाई को समापन कार्यक्रम कर नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
देवास पुलिस ने आमजन, युवाओं, सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि नशा मुक्ति को सामाजिक जिम्मेदारी समझें और पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षित देवास के निर्माण में सहयोग करें।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में चले “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के दौरान पुलिस लाइन देवास में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने शपथ ली थी। कन्नौद पुलिस द्वारा नशे की गिरफ्त में आए 50 युवाओं की काउंसलिंग कराई गई, जिसमें एक दर्जन से अधिक युवाओं ने नशा त्यागकर अब जागरूकता अभियान में सहयोगी बनकर काम कर रहे हैं।

0 Comments