Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

कचरा मिलने पर दुकानों-ढाबों पर लगेगा स्पॉट फाइन: कलेक्टर ऋतुराज सिंहक्षिप्रा ब्रिज से हटे अवैध ठेले, सीएमओ-सीईओ को सुबह फील्ड भ्रमण के निर्देश

कचरा मिलने पर दुकानों-ढाबों पर लगेगा स्पॉट फाइन: कलेक्टर ऋतुराज सिंह

क्षिप्रा ब्रिज से हटे अवैध ठेले, सीएमओ-सीईओ को सुबह फील्ड भ्रमण के निर्देश

देवास: कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों एवं अंतरविभागीय समन्वय की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, एसीईओ जिला पंचायत श्री एसएस सिंह सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली जुड़े।
बैठक में स्वच्छ भारत अभियान और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुदृढ़ कचरा कलेक्शन प्रणाली बनाई जाए। जिन पंचायतों में कचरा वाहन उपलब्ध हैं वहां कल से ही कलेक्शन शुरू किया जाए। दो से तीन ग्राम पंचायतों के बीच एक कचरा गाड़ी चलाकर रूट और दिन तय किए जाएं। जिन पंचायतों में डंपिंग स्थल नहीं है वहां तत्काल भूमि चिन्हित कर सेग्रीगेशन की व्यवस्था की जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कचरा कलेक्शन और सेग्रीगेशन के लिए 2-2 कर्मियों की जिम्मेदारी तय कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाए। जिला पंचायत और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर प्रगति की निगरानी की जाए। हर पंचायत में बड़े रीयूजेबल गली बैग की व्यवस्था भी की जाए।
शहरी स्वच्छता को लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसी दुकान, ढाबे या मकान के सामने कचरा मिलने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल स्पॉट फाइन लगाया जाए। शिप्रा ब्रिज से अवैध ठेले हटाए जाएं और शिप्रा घाट व मुख्य मार्गों पर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी सीएमओ और जनपद सीईओ को सप्ताह में 2 से 3 बार सुबह-सुबह फील्ड भ्रमण करने के निर्देश दिए। कचरा गाड़ी के साथ चलने वाले सहयोगी वाहन में न बैठकर पैदल चलें और नागरिकों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जल कर, बाजार कर और अन्य स्थानीय करों की वसूली के लिए व्यवस्थित टैक्स कलेक्शन स्ट्रक्चर बनाने तथा विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। कृषि क्षेत्र के डिजिटल सुदृढ़ीकरण हेतु एग्रीस्टैक कार्य की साप्ताहिक लक्ष्य के साथ प्रगति समीक्षा करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व मामलों में लंबित भूमि आवंटन प्रकरण शीघ्र निपटाने, नल-जल योजनाओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रैस्को मोड में लाकर सौर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने, प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना की साप्ताहिक रिपोर्ट देने और स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। वर्षाकाल को देखते हुए मुख्य मार्गों पर गोवंश नहीं बैठे इसके लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो। सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में ए-ग्रेड में रहें और 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का अभियान चलाकर निराकरण किया जाए।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...