देवास: कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह के निर्देशानुसार जिले में परिवहन विभाग द्वारा नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती बरखा शुक्ला एवं दल द्वारा बागली एवं हाटपीपल्या क्षेत्र में यात्री बसों एवं स्कूल बसों की सघन जांच की गई।चेकिंग अभियान के दौरान सेंट जॉन्स स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल, मां उमिया स्कूल एवं सांदीपनि स्कूल, बागली की स्कूली बसों सहित अन्य यात्री वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 3 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 16 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। स्कूली वाहनों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मापदण्डों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी भी विशेष रूप से जांच की गई।
जांच अभियान के दौरान यात्री बसों के परमिट एवं मोटरयान कर संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई। जांच में मोटरयान कर जमा किए बिना संचालित पाई गई एक यात्री बस को ज़ब्त किया गया। बस स्वामी द्वारा मौके पर 98 हजार रुपये मोटरयान कर जमा किया गया। इसके साथ ही अन्य बकाया मोटरयान कर की वसूली करते हुए चेकिंग कार्रवाई के दौरान कुल 01 लाख 44 हजार रुपये मोटरयान कर की वसूली की गई।
जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती बरखा शुक्ला ने समस्त स्कूल बस एवं यात्री बस संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का संचालन सभी वैधानिक दस्तावेज पूर्ण होने तथा मोटरयान कर जमा करने के बाद ही करें। स्कूली बसों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी सुरक्षा मापदण्ड पूर्ण होने के बाद ही उनका संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि वाहनों की जांच का अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियम विरुद्ध अथवा बिना वैध दस्तावेज एवं बकाया मोटरयान कर के संचालित पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी एवं जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments