समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को गांव-गांव पहुंचाएगी कलश रथ यात्रा – विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार,
श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान शुरू, 20 दिनों में जिले के गांव-गांव पहुंचेगी यात्रा
देवास:राज्य शासन के निर्देशानुसार संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती के अवसर पर जिले में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा” का शुभारम्भ संतजनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा श्री सिद्धिविनायक मंदिर देवास से कलश रथ यात्रा को संपूर्ण जिले के भ्रमण के लिए रवाना किया गया। कलश रथ यात्रा के माध्यम से संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के जीवन, उनके आदर्शों तथा सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कलश रथ यात्रा लगभग 20 दिनों तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। इस दौरान रथ विभिन्न मंदिरों एवं संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के मंदिरों में पहुंचेगा और उनके विचारों एवं आदर्शों के माध्यम से एकता, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारम्भ वंदेमातरम् गायन और कशल पूजन कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महंत गोपाल दास जी महाराज, महंत करुण दास महाराज ने संत रविदास महाराज जी के प्रेरक जीवन चरित्र और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज के समय में भी बेहद प्रासंगिक हैं और उनका जीवन हमें मानवता की सेवा की प्रेरणा देता है। यह अभियान संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में समरसता एवं समानता की भावना को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने कहा कि समाज में एकता और सद्भाव बढ़ाने के लिए चलाया जा रहा समरसता अभियान संतों के दिव्य मार्गदर्शन में पूरी तरह सफल हो रहा है। कलश रथ यात्रा संत शिरोमणि रविदास जी के समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को गांव-गांव पहुंचाएगी। विधायक श्रीमती पवार ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर समरसता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में परम पूज्य संत रविदास जी महाराज के जन्म स्थल की पवित्र माटी को गांव-गांव और प्रत्येक मंदिर में ले जाया जा रहा है। इस पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जल्द ही जिलेभर में कलश रथ यात्रा पहुंचेगी। अभियान के अंतर्गत गांव-गांव तक संत रविदास जी महाराज के संदेशों को पहुंचाते हुए सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों के प्रति जनजागरूकता का प्रसार किया जाएगा।
श्री रायसिंह सेंधव ने कहा कि अभियान के तहत पूज्य संतों के पावन हाथों से कलश का वितरण किया जा रहा है। यह कलश यात्रा रथ के माध्यम से पूरे जिले का भ्रमण करेगी और जन-जन तक गुरु रविदास महाराज के संदेशों को पहुँचाएगी। इस पूरे अभियान का मूल भाव समाज में आपसी भाईचारा, समरसता और एकजुटता का संकल्प लेना है। जिले में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा” का आयोजन 10 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रभारी श्री प्रमोद डोंगलिया ने आगामी आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा बताई। जिला स्तरीय कार्यक्रम में संत रविदास जी के जीवन एवं उनके द्वारा दिए गए संदेशों पर आधारित भजनों की भजन मंडली द्वारा प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में संतजन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, श्री राजेश यादव, श्री भैरुलाल अटरिया, श्री राजीव खंडेलवाल, श्री बहादूर मुकाती, श्री ओम जोशी, श्री मनीष सोलंकी, श्री सुरेन्द्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

0 Comments