द हिमालय एकेडमी में उल्लासपूर्वक मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस,,,
वरिष्ठ समाजसेवी श्री रमेश चन्द्र मोदी ने किया ध्वजारोहण, विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन
देवास। द हिमालय एकेडमी, राधागंज में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्ष, उल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की आन-बान-शान और भारत माता के जयघोष से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री रमेश चन्द्र मोदी जी थे।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री मोदी जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि श्री रमेश चन्द्र मोदी जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारत की आजादी के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन एवं देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि हमें मिली स्वतंत्रता अनेक महान बलिदानों और लंबे संघर्ष का परिणाम है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान दे।
श्री मोदी जी ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों के दायित्वों पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अनेक आकर्षक एवं प्रेरणादायी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, काव्य पाठ, रंगारंग नृत्य एवं नाट्य मंचन के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया तथा पूरा विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा।
विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि श्री रमेश चन्द्र मोदी जी का स्वागत करते हुए उनके सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना की तथा विद्यार्थियों को प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मिष्ठान्न वितरित किया गया। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला रहा।

0 Comments