आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं केंद्रों का डिजिटल संचालन, पोषण ट्रैकर, संपर्क ऐप के संबंध में प्रशिक्षण दिया
देवास 01अगस्त 2026 (शकील कादरी) महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आधारभूत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में देवास ग्रामीण एवं देवास शहरी परियोजनाओं की कुल 40 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के तकनीकी सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यकर्ताओं को आंगनवाड़ी केंद्रों के डिजिटल संचालन, पोषण ट्रैकर, संपर्क ऐप और ग्रोथ चार्ट के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही केंद्रों के दैनिक एवं प्रभावी संचालन, हितग्राहियों से बेहतर संवाद और आपसी समन्वय स्थापित करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।व्यावहारिक ज्ञान को गहराई से समझने के लिए कार्यकर्ताओं को क्षेत्रीय भ्रमण भी कराया गया। इसके अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों ने वन स्टॉप सेंटर और पोषण पुनर्वास केंद्र सहित अन्य संबंधित शासकीय कार्यालयों का भ्रमण किया। मास्टर ट्रेनर्स ने सभी कार्यकर्ताओं को अनुशासन, सकारात्मक व्यवहार और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी साबिर अहमद सिद्दीकी, कोर्स समन्वयक व परियोजना अधिकारी डॉ. संदीप रूहल तथा मास्टर ट्रेनर्स विशेष रूप से उपस्थित रहे। मास्टर ट्रेनर के रूप में श्रीमती रचना गौड़, श्रीमती स्नेहा शुक्ला, श्रीमती सीमा चौहान, श्रीमती शैलेश तोमर, श्रीमती संतोष बैरागी और श्रीमती सीमा वर्मा उपस्थित रहे। सेंटर की प्रशासक श्रीमती गीता ठाकुर, एडवोकेट श्रीमती फूलकुवंर तोमर, ब्लॉक मेडिकल ऑफ़िसर डॉक्टर राहुल श्रीवास्तव, डॉ आसिफ़ गौरी, काउंसलर श्रीमती एकता जायसवाल एवं मिशन नींव से श्री संदीप ने शाला पूर्व शिक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया।

0 Comments