प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में प्रगति नहीं होने पर संबंधित सचिवों पर होगी कार्रवाई,,
श्रम अधिकारी और जनपद पंचायत सीईओ देवास को शोकाज नोटिस के निर्देश,?
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
देवास, 11 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति एवं अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी टीएल बैठक में सचिवों के विरूद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी भी प्रस्तुत करें।
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में लापरवाही पर कार्रवाई
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने तथा बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने पर श्रम अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। देवास जनपद में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर श्री सिंह ने सीईओ जनपद पंचायत देवास को दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने पर सीईओ जनपद पंचायत टोंकखुर्द का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं शासकीय कार्यों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर अक्षय ऊर्जा अधिकारी श्री दीपक दास की दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की समीक्षा
कलेक्टर श्री सिंह ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए अब तक रोपे गए पौधों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधारोपण के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा जिले में अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, अभियान के तहत लगाए जा रहे प्रत्येक पौधे की जानकारी एवं फोटो ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मूंग उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण करने के दिए निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने मूंग उपार्जन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण करें तथा किसानों को उपार्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा कर लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार को प्राप्त शिकायतों का दो दिवस में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों का निर्धारित अवधि में निराकरण नहीं होने पर दो दिवस बाद उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के अंतर्गत प्राप्त एवं निराकृत शिकायतों की समीक्षा प्रत्येक सोमवार को अपर कलेक्टर द्वारा की जाए।
देवास में 12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
बैठक में कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के अंतर्गत आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा में उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 अगस्त को प्रातः 10 बजे श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम, देवास से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, डिप्टी कलेक्टर श्री कन्हैयालाल तिलवारी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजीव सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियल यादव, एसीईओ जिला पंचायत श्री एस.एस. सिंह सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

0 Comments