द हिमालय एकेडमी, राधागंज में इन्वेस्टिचर सेरेमनी सम्पन्न,,
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान ने विद्यार्थियों को दिलाई जिम्मेदारी और नेतृत्व की सीख
देवास। द हिमालय एकेडमी, राधागंज में शनिवार, 8 अगस्त को स्कूल कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह ‘इन्वेस्टिचर सेरेमनी’ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, देवास रहे।
मुख्य अतिथि श्री वर्धमान ने नव नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके दायित्वों की घोषणा की तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व के साथ जिम्मेदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का महत्व भी समझाया।
श्री वर्धमान एक सफल पुलिस अधिकारी होने के साथ साहित्य एवं अध्ययन से भी गहरा जुड़ाव रखते हैं। उनके अब तक सात उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं। इनमें ‘कहिये मंजिल से इंतजार करे’, ‘अनामिका’, ‘आसमाँ और भी थे’, ‘आइने में सच दिखता है’, ‘फलक तक है, साथ हम’, ‘नाम रह जाएगा’ तथा अंग्रेजी उपन्यास ‘A Love Triangle – Shades of Love’ शामिल हैं। अंग्रेजी उपन्यास उनके हिन्दी उपन्यास ‘फलक तक है, साथ हम’ का अंग्रेजी संस्करण है। उनका एक अन्य उपन्यास ‘प्रेम का अंतिम एहसास’ शीघ्र प्रकाशित होने वाला है। वे वर्तमान में भी निरंतर अध्ययनरत हैं।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री वर्धमान ने कहा कि सफलता के लिए कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति अडिग रहना आवश्यक है। कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता और बिना अभ्यास के किसी भी क्षेत्र में श्रेष्ठता हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि बचपन में ही उन्होंने बड़ी सरकारी सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था और उसी दिशा में लगातार प्रयास किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा, “जीवन 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि मैराथन है।” जीवन में तुरंत जीतने से अधिक महत्वपूर्ण लंबे समय तक धैर्य और निरंतरता के साथ प्रयास करते रहना है। कठिन परिस्थितियों में भी जो व्यक्ति अपना धैर्य नहीं खोता और आगे बढ़ता रहता है, वही अंततः सफलता प्राप्त करता है।
श्री वर्धमान ने विद्यार्थियों को जीवन को सम्पूर्णता के साथ जीने, अपने शौक और रुचियों को विकसित करने तथा निरंतर अध्ययन करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ने, सीखने और अपने सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती। विद्यार्थियों को अनुशासित रहने, समय का सदुपयोग करने, पुस्तकें पढ़ने, मोबाइल से दूरी रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि श्री वर्धमान ने विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक परिचर्चा भी की। उन्होंने विद्यार्थियों को खुलकर प्रश्न पूछने के लिए आमंत्रित किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का सहज एवं प्रेरक ढंग से समाधान किया।
स्कूल कैबिनेट में हेड बॉय ध्रुव सचिन गुप्ता, हेड गर्ल कु. ओशिन नीरज चौधरी, डिसिप्लिन सेक्रेटरी कु. पीनल मनोज पटेल, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी प्रियांश चन्द्रशेखर मण्डलोई, कल्चरल सेक्रेटरी कु. प्रतीक्षा गजेन्द्र धाकड़, एनवायरनमेंट सेक्रेटरी अंशुल नितीन सोनी, डिसिप्लिन डिप्टी सेक्रेटरी कु. अक्षिता राकेश चौहान, स्पोर्ट्स डिप्टी सेक्रेटरी वैभव चन्द्रशेखर चौधरी, कल्चरल डिप्टी सेक्रेटरी कु. निहारिका सुमेर सिंह ठाकुर तथा एनवायरनमेंट डिप्टी सेक्रेटरी सक्षम सुधीर नागभाटी ने पद एवं दायित्व की शपथ ग्रहण की।
इसी क्रम में हाउस कैप्टन कु. सोनाक्षी राकेश कुमार भालोत, देवेन्द्र उमेश चौधरी, कु. प्रियंका दिलीप सिकरवार एवं कु. माही अनुराग वर्मा; हाउस वाइस कैप्टन मयूर संतोष अग्रवाल, यश माखन नागर, ऋतुराज रिंकेश कुमावत एवं कार्तिक मुकेश अग्रवाल तथा हाउस प्रीफेक्ट कु. नव्या महेश कुमार कारपेन्टर, कु. याशिका यशवंत चौधरी, शिवम मनोज पटेल एवं कु. कीर्ति संजय जलोदिया ने भी अपने पद की शपथ ली।
समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी नव नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल, जिम्मेदार एवं प्रेरणादायी नेतृत्व की कामना की।

0 Comments