देवास। भोपाल के खुशीलाल ग्राउंड में 6 सितंबर 2026 को आयोजित साइक्लिंग प्रतियोगिता में देवास जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देवास के तीन खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किए। प्रतियोगिता के अंडर-16 वर्ग में विशाल चंदेल ने प्रथम स्थान, जबकि अंडर-18 वर्ग में हर्षित चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वूमेन्स एलीट वर्ग में रेशमा खान ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर विशाल चंदेल, हर्षित चौहान और रेशमा खान का चयन एमटीबी साइक्लिंग नेशनल चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 28 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक महेंद्रगिरी, ओडिशा में किया जाएगा। तीनों खिलाड़ियों के चयन से देवास जिले के साइक्लिंग प्रेमियों और खेल जगत में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों का स्वागत देवास जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष गुप्ता एवं पेनचक सिलाट मध्यप्रदेश एसोसिएशन के सचिव अभय श्रीवास द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुनील मालवीय, सूरज बामनिया, देवराज सांगते, तनीष मोदी एवं तेजस ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी खिलाड़ियों को देवास जिला साइकलिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अभिषेक लाठी, गौरव कदम, पवन यादव, पवन पाटिल, प्रीति मैडम, उर्वशी मंडलोई, पप्रिया नाटले ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। संचालन सुनील मालवीय ने किया ओर आभार सूरज वामनिया ने माना।

0 Comments