ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 45 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण होगा शुरू
देवास। शासन-प्रशासन की मंशा को साकार करने और ग्रामीण क्षेत्र की मातृशक्ति को कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मातृशक्ति महिला एवं बाल विकास प्रशिक्षण केंद्र एवं कार्यशाला देवास के अंतर्गत आयुषी सिलाई एवं बुटीक ट्रेनिंग सेंटर द्वारा दीपावली के उपलक्ष्य में 11 नवंबर 2026 से 45 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में महिलाओं को सभी प्रकार की सिलाई, कढ़ाई एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद जो महिलाएं घर पर ही सिलाई कार्य करना चाहती हैं, उन्हें रेडीमेड सिलाई एवं बुटीक का कार्य भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर और मजबूत हो सके। यह प्रशिक्षण देवास जिले के अलग-अलग विकासखंडों में आयोजित किया जाएगा। वर्तमान में देवास विकासखंड के लोहान गांव एवं टोंकखुर्द विकासखंड के कलमा गांव में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे आसपास के पांच से दस किलोमीटर क्षेत्र के गांवों की महिलाओं को लाभ मिलेगा। प्रशिक्षण के लिए इच्छुक महिलाएं मोबाइल नंबर 9755641965 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकती हैं। लोहान गांव में महिलाओं ने प्रशिक्षण के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पंजीयन के दौरान ग्रामीण महिलाओं के साथ प्रोजेक्ट समन्वयक बंशीलाल चौहान, जिला समन्वयक मंजू चौहान, सावित्री परमार, राधा तंवर उपस्थित थे।

0 Comments